पंजाब में नशे के खिलाफ चल रहे ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ अभियान के तहत पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। अभियान के 434वें दिन पंजाब पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने राज्यभर में छापेमारी कर 97 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया।
पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने और युवाओं को सुरक्षित भविष्य देने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
भारी मात्रा में नशीला सामान बरामद
पंजाब पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान 989 ग्राम हेरोइन, 500 ग्राम अफीम और 18 किलोग्राम पोस्त के छिलके बरामद किए गए। इसके अलावा 316 नशीली गोलियां और कैप्सूल भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि नशे के कारोबार से कमाए गए 2300 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके नेटवर्क की जांच की जा रही है।
नशा छोड़ने के लिए भी किया प्रेरित
पुलिस ने बताया कि सिर्फ तस्करों पर कार्रवाई ही नहीं, बल्कि नशे की लत से जूझ रहे लोगों को मुख्यधारा में वापस लाने पर भी काम किया जा रहा है। अभियान के दौरान 8 लोगों को नशा-मुक्ति और पुनर्वास केंद्रों में इलाज करवाने के लिए राजी किया गया।
