पंजाब पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई के दौरान एक अंतरराष्ट्रीय आतंकी-गैंगस्टर मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया गया है। पुलिस ने दो खतरनाक आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2 जिंदा हैंड ग्रेनेड बरामद किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई होने से पंजाब में एक बड़ी आतंकी घटना टल गई।
विदेशी हैंडलर्स से जुड़े तार
शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे गैंगस्टर और आतंकियों के संपर्क में थे। पुलिस के मुताबिक यह मॉड्यूल विदेश से निर्देश लेकर पंजाब में बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहा था। जांच एजेंसियां अब आरोपियों के मोबाइल रिकॉर्ड और उनके नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही हैं।
पहले भी पकड़े गए थे साथी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इसी मॉड्यूल से जुड़े कुछ अन्य आरोपियों को पहले भी गिरफ्तार किया जा चुका है। मई महीने में पुलिस ने targeted shooting की साजिश को नाकाम करते हुए हथियार और कारतूस बरामद किए थे। अब नई गिरफ्तारी के बाद इस नेटवर्क के और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
हैंड ग्रेनेड मिलने से बढ़ी चिंता
गिरफ्तार आरोपियों से जिंदा हैंड ग्रेनेड मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां और ज्यादा सतर्क हो गई हैं। पुलिस का मानना है कि इन ग्रेनेड का इस्तेमाल किसी भीड़भाड़ वाले इलाके या संवेदनशील जगह पर किया जा सकता था। पूरे मामले में आतंक और गैंगस्टर नेटवर्क के बीच संबंधों की भी जांच की जा रही है।
पंजाब पुलिस अलर्ट मोड पर
पंजाब पुलिस ने कहा है कि राज्य में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस की टीमें अब इस मॉड्यूल से जुड़े बाकी लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं।
