पंजाब सरकार के ‘मिशन क्लीन पंजाब’ को जमीनी स्तर पर सफल बनाने के लिए शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस अमृतसर में देर रात तक सक्रिय नजर आए। रात करीब 1 बजे उन्होंने अमृतसर साहिब के ऐतिहासिक ‘वॉल्ड सिटी’ यानी पुराने शहर क्षेत्र का दौरा किया और सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रात में शुरू किए जा रहे नए सफाई अभियान की प्रगति का जायजा लिया।
पवित्र शहर को स्वच्छ बनाने पर जोर
हरजोत बैंस ने कहा कि अमृतसर एक पवित्र और विश्व प्रसिद्ध शहर है, इसलिए इसकी साफ-सफाई बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सरकार की टीमें यह सुनिश्चित करेंगी कि शहर की सड़कों पर कचरा या रैपर दिखाई न दें। उन्होंने सफाई कर्मचारियों और अधिकारियों को भी आवश्यक निर्देश दिए।
सुबह से अधिकारियों के साथ मैदान में
मंत्री ने बताया कि वह सुबह 8 बजे से ही स्थानीय विधायक, मेयर, नगर निगम कमिश्नर और अन्य अधिकारियों के साथ शहर में काम कर रहे हैं। उन्होंने विभिन्न इलाकों में जाकर घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था का निरीक्षण किया और यह देखा कि सफाई सेवाएं किस तरह संचालित की जा रही हैं।
लोगों से सीधे बातचीत कर लिया फीडबैक
दौरे के दौरान हरजोत बैंस ने स्थानीय निवासियों से सीधे बातचीत की। उन्होंने लोगों से पूछा कि सफाई व्यवस्था में क्या अच्छा चल रहा है और किन क्षेत्रों में सुधार की जरूरत है। उनका कहना है कि ‘मिशन क्लीन पंजाब’ दफ्तरों में बैठकर नहीं, बल्कि सड़कों पर उतरकर और लोगों से जुड़कर आगे बढ़ाया जा रहा है।
