पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार ने छात्रों, अभिभावकों और कर्मचारियों के हित में कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। उन्होंने बताया कि निजी स्कूलों द्वारा मनमाने ढंग से फीस बढ़ाने और वसूलने पर कानूनी रोक लगाई गई है। इसके अलावा महिला कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उनकी नियुक्ति अधिकतम 40 किलोमीटर के दायरे में करने का निर्णय लिया गया है।
पुलिस व्यवस्था को किया मजबूत
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए पंजाब पुलिस को नई गाड़ियां उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने विशेष सड़क सुरक्षा बल (SSF) की सराहना करते हुए कहा कि यह बल सड़क हादसों में लोगों की जान बचाने में अहम भूमिका निभा रहा है। उनके अनुसार SSF का मॉडल दूसरे राज्यों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन रहा है।
खेती में नहर के पानी का बढ़ा इस्तेमाल
भगवंत मान ने दावा किया कि पंजाब में पहली बार बड़े स्तर पर नहर के पानी से धान की खेती को बढ़ावा मिला है। इससे भूजल पर निर्भरता कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। उन्होंने बताया कि राज्य में 21 लाख क्यूबिक मीटर पानी जमीन में रिचार्ज किया गया है।
किसानों को मिला प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को फसल विविधीकरण अपनाने के लिए लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है। साथ ही खेतों तक नहर का पानी पहुंचाने के लिए 14 हजार किलोमीटर से अधिक पाइपलाइन बिछाई गई हैं। सरकार का मानना है कि इससे सिंचाई व्यवस्था मजबूत होगी और किसानों को भविष्य में बेहतर लाभ मिलेगा।
