भारत-अमेरिका प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में किसान संगठनों ने सोमवार को बड़ा शक्ति प्रदर्शन शुरू किया। भारतीय किसान यूनियन (बीकेयू) राजेवाल के नेतृत्व में मोहाली के नेचर पार्क से चंडीगढ़ तक बाइक मार्च निकाला गया। इस मार्च में बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए और सरकार के सामने अपनी मांगों को मजबूती से रखने का प्रयास किया।
ट्रेड डील पर किसानों की चिंता
किसान संगठनों का कहना है कि यदि भारत-अमेरिका ट्रेड डील लागू होती है तो इसका सीधा असर देश के कृषि क्षेत्र, डेयरी उद्योग, पोल्ट्री कारोबार, छोटे व्यापारियों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा। उनका आरोप है कि विदेशी उत्पादों की बढ़ती पहुंच से किसानों और स्थानीय उत्पादकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
चंडीगढ़ में प्रशासन को सौंपेंगे ज्ञापन
बीकेयू राजेवाल के नेतृत्व में निकला यह बाइक मार्च मोहाली से होते हुए चंडीगढ़ के सेक्टर-34 ग्राउंड तक पहुंचेगा। यहां किसान प्रतिनिधिमंडल प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर ट्रेड डील से जुड़ी अपनी चिंताओं और मांगों से अवगत कराएगा। किसान नेताओं का कहना है कि इस प्रदर्शन में हजारों किसानों के शामिल होने की उम्मीद है और वे सरकार से कृषि हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग करेंगे।
