पंजाब में गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ चलाया जा रहा विशेष अभियान लगातार जारी है। अभियान के 199वें दिन पंजाब पुलिस ने एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के साथ मिलकर राज्यभर में चिन्हित ठिकानों पर व्यापक कार्रवाई की। पुलिस का उद्देश्य गैंगस्टरों और उनके सहयोगियों के नेटवर्क को कमजोर करना और राज्य में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाना है।
731 स्थानों पर छापेमारी, 429 गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, एक दिन में 731 स्थानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान 429 लोगों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान 14 घोषित भगोड़ों को भी पकड़ने में सफलता मिली। इसके अलावा पुलिस ने चार हथियार भी बरामद किए हैं। सभी मामलों में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।
57 हजार से अधिक गिरफ्तारियां
पुलिस ने बताया कि ‘गैंगस्टरों पर वार’ अभियान शुरू होने के बाद से अब तक 57,767 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। यह अभियान लगातार खुफिया सूचनाओं और चिन्हित स्थानों पर कार्रवाई के जरिए चलाया जा रहा है, ताकि संगठित अपराध पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
लोगों से सहयोग की अपील
पंजाब पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी गैंगस्टर, अपराधी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी हो तो उसकी सूचना बिना अपनी पहचान बताए एंटी गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 पर दी जा सकती है। पुलिस का कहना है कि लोगों के सहयोग से अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और सुरक्षित पंजाब बनाने की दिशा में अभियान लगातार जारी रहेगा।
