पंजाब में नशा तस्करी के खिलाफ चलाया जा रहा ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान लगातार जारी है। अभियान के 523वें दिन पंजाब पुलिस ने राज्य के अलग-अलग हिस्सों में कार्रवाई करते हुए 108 कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार पर रोक लगाने और तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
हेरोइन और नशीली गोलियां बरामद
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10.6 किलोग्राम हेरोइन और 326 नशीली गोलियां बरामद की हैं। बरामद नशीले पदार्थों को जब्त कर लिया गया है और गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में भी जुटी हुई है।
नशा छोड़ने के लिए किया गया प्रेरित
पुलिस ने केवल कार्रवाई तक ही अपने प्रयास सीमित नहीं रखे। अभियान के दौरान 7 लोगों को नशा मुक्ति और पुनर्वास केंद्रों में इलाज कराने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ सख्ती के साथ-साथ लोगों को नशे की लत से बाहर निकालने और उन्हें सामान्य जीवन की ओर लौटाने पर भी बराबर ध्यान दिया जा रहा है।
