पंजाब सरकार की ‘गैंगस्टरां ते वार’ मुहिम के 200 दिन पूरे हो गए हैं। सरकार के अनुसार, इस अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने गैंगस्टरों और संगठित अपराध से जुड़े लोगों पर लगातार कार्रवाई की है। 8 अगस्त तक के 200 दिनों में पुलिस ने राज्यभर में 1,09,087 छापेमारी की।
58 हजार से ज्यादा अपराधियों पर कार्रवाई
पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, अभियान के दौरान 58,212 अपराधियों और 57,359 वांछित आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं 1,532 घोषित अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 853 गैंगस्टरों और उनके सहयोगियों को भी पुलिस ने पकड़ा।
बड़ी मात्रा में हथियार और नशा बरामद
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ और हथियार बरामद करने का दावा किया है। अभियान में 774.38 किलोग्राम हेरोइन, 990 हथियार, 15 हैंड ग्रेनेड और 26.91 लाख नशीली गोलियां जब्त की गईं। इसके अलावा ड्रग मनी के तौर पर ₹1.73 करोड़ की रकम भी बरामद की गई।
गैंगस्टरों के पूरे नेटवर्क पर नजर
सरकार का कहना है कि यह अभियान केवल गैंगस्टरों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है। पुलिस उनके आर्थिक स्रोतों, हथियार और दूसरे संसाधनों की सप्लाई, संचार नेटवर्क और विदेशों से जुड़े संपर्कों पर भी कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में मध्य एशिया और इंडोनेशिया से दो वांछित आरोपियों को भारत वापस लाने की कार्रवाई भी की गई।
संगठित अपराध पर जीरो टॉलरेंस
मान सरकार ने संगठित अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति दोहराई है। सरकार के अनुसार, गैंगस्टरों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी और उनके पूरे नेटवर्क को कमजोर करने पर जोर रहेगा।
