पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने डेरा सच्चखंड बल्लां में श्री गुरु रविदास जी बाणी अध्ययन केंद्र का नींव पत्थर रखा। इस मौके पर उन्होंने पद्म श्री संत निरंजन दास जी को सम्मान दिया और संगत को इस पहल के लिए बधाई दी। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
युवाओं को बाणी के अध्ययन का मिलेगा अवसर
सरकार के अनुसार, इस केंद्र का निर्माण करीब ₹24.55 करोड़ की लागत से किया जाएगा। इसका उद्देश्य श्री गुरु रविदास जी की पवित्र बाणी के बारे में युवाओं को अध्ययन का अवसर देना है। केंद्र में पढ़ाई के साथ विद्यार्थियों के रहने की भी व्यवस्था की जाएगी।
परियोजना के तहत प्रशासनिक ब्लॉक, लड़कों और लड़कियों के लिए अलग-अलग हॉस्टल और कर्मचारियों के लिए आवास जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे यहां अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों को एक व्यवस्थित माहौल मिल सकेगा।
650वें प्रकाश पर्व के लिए ₹100 करोड़ का बजट
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कार्यक्रम में श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को लेकर सरकार की तैयारियों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि इस अवसर के लिए ₹100 करोड़ का बजट रखा गया है।
पंजाब के गांवों तक पहुंचेगी विशेष पहल
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु साहिब के जीवन और बाणी से जुड़ी जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए पंजाबभर में डॉक्यूमेंट्री शो आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए विशेष वैन राज्य के 23 जिलों के करीब 13 हजार गांवों तक पहुंचेंगी।
इन वैन के माध्यम से गांवों में लोगों और विशेष रूप से युवाओं को श्री गुरु रविदास जी के विचारों और उनके संदेश से परिचित कराने का प्रयास किया जाएगा।
