चंडीगढ़, 02 नवंबर 2026:
पंजाब में नशों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ के 20 महीने पूरे हो गए हैं। पंजाब पुलिस के अनुसार, 1 मार्च 2025 से अब तक इस अभियान के तहत 69,101 एफआईआर दर्ज की गई हैं और 90,091 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान पुलिस ने 4,464 किलो हेरोइन भी बरामद की है।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत पुलिस राज्य के सभी 28 पुलिस जिलों में प्रतिदिन तलाशी अभियान चला रही है।
विशेष डीजीपी कानून एवं व्यवस्था प्रवीण कुमार सिन्हा ने बताया कि हेरोइन के अलावा पुलिस ने 10.7 क्विंटल अफीम, 515 क्विंटल चूरा-पोस्त, 136 किलो चरस, 1,860 किलो गांजा और 84 किलो आईसीई बरामद की है। इसके साथ ही 67.24 लाख नशीली गोलियां और कैप्सूल तथा 23 करोड़ रुपये की ड्रग मनी भी जब्त की गई है।
‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान में 168 गिरफ्तार
पंजाब पुलिस ने गैंगस्टरों के खिलाफ ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान के 285वें दिन भी कार्रवाई जारी रखी। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान 479 छापेमारियां की गईं और 11 हथियारों सहित 168 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 163 लोगों के खिलाफ एहतियातन कार्रवाई की गई और आठ भगोड़े अपराधियों को भी पकड़ा गया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपराध और गैर-कानूनी गतिविधियों की जानकारी एंटी गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 पर साझा करें। इस नंबर के जरिए वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों के संबंध में गोपनीय सूचना भी दी जा सकती है।
