चंडीगढ़, 13 नवंबर:
पंजाब की भगवंत मान सरकार ने आशीर्वाद योजना के तहत अपने कार्यकाल में 2.86 लाख लाभार्थियों को 1,164 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय सहायता वितरित की है। सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि योजना में किसी भी तरह की अनियमितता, भ्रष्टाचार या सरकारी धन के दुरुपयोग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि आशीर्वाद योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने वाली महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि योजना का लाभ केवल पात्र और जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचे।
अमृतसर में 62 अनियमितताओं के मामले सामने आए
मंत्री ने बताया कि अमृतसर जिले में योजना के तहत अनियमितताओं के 62 कथित मामले सामने आए हैं। इन मामलों में लगभग 31.62 लाख रुपये की राशि शामिल है। सरकार ने इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष और पारदर्शी जांच करवाई है। जांच में दोषी पाए गए अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जा चुकी है।
सभी जिलों में वित्तीय सहायता की होगी जांच
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि योजना में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए विभाग को पंजाब के सभी जिलों में वितरित की गई वित्तीय सहायता की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। इस जांच का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सरकारी खजाने से जारी प्रत्येक रुपया सही और पात्र लाभार्थी तक पहुंचे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनकल्याणकारी योजनाओं में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री ने कहा, “जनता का पैसा जनता की भलाई के लिए है और सरकारी धन के एक-एक पैसे का उचित इस्तेमाल सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। जनकल्याणकारी योजनाओं में किसी भी प्रकार की अनियमितता करने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”
