चंडीगढ़, 12 नवंबर। पंजाब में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के तहत ईवीएम (EVM) और वीवीपैट (VVPAT) मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग (FLC) शुरू हो गई है। इस पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता और लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंजाब ने राज्य स्तरीय वेबकास्टिंग केंद्र में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दौरा करवाया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्रीमती अनिंदिता मित्रा ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को चंडीगढ़ स्थित अपने कार्यालय में स्थापित वेबकास्टिंग केंद्र की कार्यप्रणाली की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य के विभिन्न जिलों के वेयरहाउस में ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की जांच की जा रही है। इस प्रक्रिया पर वेबकास्टिंग के माध्यम से लगातार नजर रखी जाएगी।
इस दौरान अनिंदिता मित्रा ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को बताया कि वेबकास्टिंग केंद्र किस तरह काम करता है और इस पूरी प्रक्रिया में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) के अधिकारियों की क्या भूमिका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजाब के प्रत्येक जिले में फर्स्ट लेवल चेकिंग के दौरान भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और विश्वसनीय बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को वेबकास्टिंग व्यवस्था से अवगत कराने का उद्देश्य भी उन्हें ईवीएम-वीवीपैट की जांच प्रक्रिया की निगरानी व्यवस्था की जानकारी देना है।
इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी अमनदीप बांसल, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवनीत कौर बल्ल और संजीव शर्मा मौजूद रहे।
वहीं, राजनीतिक दलों की ओर से आम आदमी पार्टी के फैरी सोफत, भारतीय जनता पार्टी के एन.के. वर्मा, शिरोमणि अकाली दल के अर्शदीप सिंह कलेर, कांग्रेस के हरदीप सिंह किंगरा और सीपीआई (एम) के सुनील कुमार ने भी वेबकास्टिंग केंद्र का दौरा किया।
