नई दिल्ली, 19 नवंबर। इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF) 2026 में पंजाब का शानदार पैवेलियन लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार की ओर से स्थापित इस पैवेलियन में राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, कृषि उपलब्धियों, औद्योगिक क्षमता और तकनीकी प्रगति की झलक देखने को मिल रही है। पंजाब स्मॉल इंडस्ट्रीज एंड एक्सपोर्ट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (PSIEC) ने 450 वर्ग मीटर क्षेत्र में इसे ‘विकास और विरासत’ थीम पर तैयार किया है।

‘विकसित पंजाब – विरासत का उत्सव, नवाचार के साथ निर्माण’ की सोच पर आधारित यह पैवेलियन पंजाब की पारंपरिक पहचान और आधुनिक विकास का अनूठा संगम पेश कर रहा है। इसमें पारंपरिक वास्तुकला, लोक कला और रंग-बिरंगे सांस्कृतिक नमूनों के साथ आधुनिक LED डिस्प्ले, डिजिटल इंस्टॉलेशन और AI आधारित इंटरैक्टिव सेल्फी पॉइंट आकर्षण का केंद्र हैं।
निवेश और उद्योगों की संभावनाओं पर फोकस
पैवेलियन में पंजाब सरकार की निवेश संबंधी पहलों और औद्योगिक विकास की जानकारी दी जा रही है। इसमें इन्वेस्ट पंजाब, फास्ट ट्रैक पंजाब और उद्योग एवं वाणिज्य विकास नीति 2026 को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है। इस नीति के तहत 24 क्षेत्र-विशिष्ट नीतियां और निवेशकों के लिए अनुकूल पहलें शामिल हैं। इसके अलावा फास्ट ट्रैक पंजाब के अंतर्गत 300 से अधिक नियामकीय अनुमतियों की सुविधा को भी प्रदर्शित किया गया है।
पंजाब पैवेलियन के प्रमुख आकर्षणों में सेंट्रल विकसित पंजाब इंस्टॉलेशन, काले हिरण की भव्य मूर्ति, खेलों के सामान के जरिए राज्य की निर्माण क्षमता का प्रदर्शन और लाइव दस्तकारी शामिल हैं। इसके साथ ही भांगड़ा और गिद्धा की रंगारंग प्रस्तुतियां दर्शकों को पंजाब की संस्कृति से रूबरू करा रही हैं।
ज्यूरी ने भी किया पैवेलियन का दौरा
16 नवंबर को ज्यूरी के सदस्यों ने पंजाब पैवेलियन का दौरा कर विभिन्न स्टॉलों और प्रदर्शनियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शकों से बातचीत की और पंजाब के उद्योगों, एमएसएमई, कारीगरों के उत्पादों, नवाचारों और उद्यमशीलता की संभावनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के प्रशासनिक सचिव डॉ. बसंत गर्ग, निदेशक जसप्रीत सिंह और PSIEC के प्रबंध निदेशक रुबिंदरजीत सिंह बराड़ के मार्गदर्शन में तैयार इस पैवेलियन के जरिए पंजाब की औद्योगिक क्षमता को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का प्रयास किया जा रहा है।
पैवेलियन के प्रशासक अर्शदीप सिंह तथा उप-प्रशासक गुरप्रीत सिंह और अमनप्रीत सिंह के अनुसार, इसका उद्देश्य पंजाब की सांस्कृतिक पहचान को बढ़ावा देने के साथ निवेश आकर्षित करना, एमएसएमई को प्रोत्साहित करना और रोजगार एवं उद्यमशीलता के नए अवसरों को सामने लाना है।
