पंजाब में इस समय बाढ़ के हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर अपील की है कि केंद्र सरकार पंजाब के 60,000 करोड़ रुपये के लंबित फंड तुरंत जारी करे। उन्होंने कहा कि राज्य इस समय अपने इतिहास की सबसे भयावह बाढ़ की स्थिति से गुजर रहा है और लाखों लोग संकट में हैं।
हजारों गांव और लाखों लोग प्रभावित
सीएम मान ने अपने पत्र में लिखा है कि अब तक पंजाब के करीब 1000 गांव बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं। गुरदासपुर, कपूरथला, अमृतसर, पठानकोट, फिरोजपुर, फाजिल्का और होशियारपुर सबसे ज्यादा प्रभावित जिले हैं। उन्होंने बताया कि लगभग 3 लाख एकड़ कृषि भूमि पानी में डूब गई है, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।

किसानों के लिए बढ़ा मुआवजे का प्रस्ताव
मुख्यमंत्री ने केंद्र से अपील की कि एसडीआरएफ (SDRF) के नियमों में बदलाव किया जाए ताकि किसानों को दी जाने वाली मुआवजा राशि को बढ़ाकर 50,000 रुपये प्रति एकड़ किया जा सके। मान ने कहा कि पंजाब सरकार पहले ही यह फैसला ले चुकी है, लेकिन इसके लिए केंद्र की मंजूरी आवश्यक है।

केंद्र से त्वरित मदद की दरकार
सीएम मान ने जोर देकर कहा कि पंजाब इस वक्त एक बड़ी प्राकृतिक आपदा का सामना कर रहा है और इससे निपटने के लिए केंद्र सरकार से तात्कालिक मदद बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि किसानों और प्रभावित परिवारों को राहत पहुँचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


