इराक के अल-कुट शहर में एक शॉपिंग मॉल में भीषण आग लगने से कम से कम 50 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा वासित प्रांत में एक सुपरमार्केट और रेस्टोरेंट वाले पांच मंजिला मॉल में हुआ, जहां आग की लपटों ने पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया। इस हृदयविदारक घटना की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें इमारत से उठता धुएं का गुबार और दमकलकर्मियों का आग बुझाने का प्रयास साफ देखा जा सकता है।
मॉल में लगी आग का दृश्य रहा भयावह
जब यह हादसा हुआ, तब बड़ी संख्या में लोग मॉल के अंदर खरीदारी और भोजन कर रहे थे। आग इतनी तेजी से फैली कि कई लोग इमारत से बाहर निकल ही नहीं पाए। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, दमकल विभाग ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य शुरू किया और कई लोगों की जान बचाई, लेकिन आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दर्जनों लोग इसमें फंसकर झुलस गए। गवर्नर मोहम्मद अल-मायाही ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच जारी है और इसके प्रारंभिक नतीजे 48 घंटे के भीतर सामने आने की उम्मीद है।
5 दिन पहले ही शुरू हुआ था मॉल, अब तबाही का केंद्र
सबसे हैरानी की बात यह है कि जिस मॉल में यह हादसा हुआ, वह केवल पांच दिन पहले ही खोला गया था। आग सबसे पहले इमारत की पहली मंजिल पर लगी और कुछ ही पलों में पूरे भवन में फैल गई। घटना के बाद बड़ी संख्या में एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और घायलों व शवों को अस्पतालों तक पहुंचाया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, स्थानीय अस्पतालों में अब मरीजों की भारी भीड़ है और स्वास्थ्य सेवाएं चरम पर हैं।
देशभर में शोक और कानूनी कार्रवाई
इस हादसे के बाद इराक सरकार ने पूरे देश में तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। वहीं, गवर्नर अल-मायाही ने मॉल और इमारत के मालिकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। इससे पहले 2023 में इराक के एक शादी समारोह में भी इसी तरह की भीषण आग में 100 से अधिक लोगों की जान गई थी। ऐसे हादसे एक बार फिर सवाल खड़े करते हैं कि सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा मानकों का पालन कितना किया जा रहा है।
