वर्षों तक खंडहर बना रहा गुरदासपुर का पुराना सिविल अस्पताल अब एक बार फिर लोगों की सेवा में तत्पर है। शहर के बीचोंबीच स्थित इस इमारत में अर्बन कम्युनिटी हेल्थ सेंटर की शुरुआत के साथ ही जहां डॉक्टरों की तैनाती हो चुकी है, वहीं अब आधुनिक ऑपरेशन थिएटर भी शुरू कर दिया गया है। इसकी बदौलत पिछले 10 दिनों में गंभीर बीमारियों और डिलीवरी मामलों के 10 सफल ऑपरेशन किए जा चुके हैं।
इस अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता और विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति के चलते मरीजों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि देखी जा रही है। जहां पहले प्रतिदिन 100 से 150 मरीज ओपीडी में आते थे, अब यह संख्या 250 से 300 के बीच पहुंच गई है।
खंडहर से जीवनदाता बना अस्पताल
यह वही इमारत है जहां कभी गुरदासपुर का सिविल अस्पताल संचालित होता था, लेकिन अस्पताल के बबरी स्थानांतरित होने के बाद यह भवन वर्षों तक खाली पड़ा रहा और धीरे-धीरे जर्जर हो गया। हालांकि, पंजाब हेल्थ सिस्टम कॉर्पोरेशन के चेयरमैन रमन बहल ने इस भवन को दोबारा सक्रिय करने का संकल्प लिया और सरकार से 2 करोड़ 62 लाख रुपये की राशि मंजूर करवाकर इस खंडहर को आधुनिक स्वास्थ्य केंद्र में तब्दील कर दिया।
मुफ्त सेवाओं से शहरवासियों में खुशी की लहर
अस्पताल में अब प्रसूति विशेषज्ञों, शिशु रोग विशेषज्ञों और अन्य सर्जनों की नियुक्ति के साथ ऑपरेशन थिएटर को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है। इससे मुफ्त एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होने पर शहरवासियों में उत्साह और विश्वास की लहर दौड़ गई है।
कृष्णा डायग्नोस्टिक लैब और जन औषधि केंद्र की भी शुरुआत
एसएमओ डॉ. अरविंद महाजन ने जानकारी दी कि चेयरमैन रमन बहल के प्रयासों से अब इस स्वास्थ्य केंद्र में कृष्णा डायग्नोस्टिक लैब की भी शुरुआत हो चुकी है, जहां मरीजों को 70 प्रतिशत तक की छूट पर जांच सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। साथ ही अस्पताल परिसर में जन औषधि केंद्र भी शुरू हो चुका है, जहां आम लोगों को बेहद सस्ते दरों पर गुणवत्तापूर्ण दवाइयां दी जा रही हैं।
डॉ. महाजन ने यह भी बताया कि आने वाले दिनों में इस अस्पताल में और अधिक विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति की जाएगी ताकि लोगों को और भी व्यापक स्वास्थ्य सेवाएं एक ही छत के नीचे मिल सकें। उन्होंने कहा कि अस्पताल में फिर से जान फूंकने का काम किसी मिशन से कम नहीं था, और अब यह शहर के लोगों को संपूर्ण प्राथमिक और माध्यमिक स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान कर रहा है।
