पंजाब के कैबिनेट मंत्री और आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने अपने विधानसभा क्षेत्र सुनाम उधम सिंह वाला के गांव किला भरियां और बहादुरपुर में जनसभा कर स्थानीय लोगों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को लेकर लोगों से चर्चा की।
जनसभा के दौरान स्थानीय लोगों ने पंजाब सरकार द्वारा किए गए जनहित के कार्यों की सराहना की। अमन अरोड़ा ने कहा कि लोगों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, रोजगार और अन्य विकास कार्यों को लेकर सरकार पर भरोसा जताया है। उन्होंने दावा किया कि जनता ने पूरे उत्साह के साथ एक बार फिर भगवंत मान सरकार को समर्थन देने का विश्वास व्यक्त किया।
अमन अरोड़ा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, “पंजाब का बस एक ही नारा, फिर से भगवंत मान।” उन्होंने कहा कि सरकार जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए लगातार काम कर रही है और आगे भी विकास की गति को बनाए रखा जाएगा।
कैबिनेट मंत्री ने जनसभा में मिले प्यार, सम्मान और सहयोग के लिए सभी लोगों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास और समर्थन उन्हें लगातार मेहनत करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने लोगों से भविष्य में भी इसी तरह सहयोग और आशीर्वाद बनाए रखने की अपील की।
