पंजाब के होशियारपुर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। शनिवार को चिंतपूर्णी रोड पर मंगूवाल बॉर्डर के पास हिमाचल से आ रही एक एंबुलेंस गहरी खाई में गिर गई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत बाहर निकालकर सिविल अस्पताल, होशियारपुर में भर्ती कराया गया है।
निजी अस्पताल जा रही थी एंबुलेंस
जानकारी के मुताबिक, एंबुलेंस में ड्राइवर समेत कुल पाँच लोग सवार थे। यह एंबुलेंस हिमाचल से चली थी और होशियारपुर के रास्ते जालंधर के एक निजी अस्पताल की ओर जा रही थी। लेकिन जैसे ही यह मंगूवाल पहुंची, वहां लगातार बारिश से सड़क धंस चुकी थी। प्रशासन ने खतरे को देखते हुए बैरीकेड भी लगाए थे, लेकिन तेज रफ्तार के कारण एंबुलेंस बैरीकेड से टकराई और सीधे गहरी खाई में जा गिरी।
लोगों और पुलिस ने बचाई जान
हादसे के बाद मंगूवाल नाके पर तैनात पुलिसकर्मियों और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। खाई में उतरकर उन्होंने एंबुलेंस से दो घायलों को बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल पहुंचाया। वहीं, तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों और घायलों की पहचान
पुलिस ने बताया कि मृतकों में दो दामाद और एक ससुर शामिल हैं। सभी के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल, होशियारपुर के शवगृह में रखवा दिया गया है। घायलों की हालत फिलहाल गंभीर बताई जा रही है।
प्रशासन ने जताया दुख
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने घटना स्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायज़ा लिया और मृतकों के परिजनों के प्रति गहरा दुख व्यक्त किया। प्रशासन का कहना है कि लगातार बारिश के कारण सड़क पर खतरा बढ़ गया है, इसलिए वाहन चालकों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की ज़रूरत है।
