पंजाब सरकार ने संविधान दिवस को बेहद खास तरीके से मनाया। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में राज्य सरकार ने श्री आनंदपुर साहिब में बनी विशेष पंजाब विधानसभा में सरकारी स्कूलों के छात्रों के लिए मॉक विधानसभा सत्र आयोजित किया। यह कार्यक्रम श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें प्रकाश पर्व को समर्पित था।
कार्यक्रम की शुरुआत पंजाब विधानसभा के सचिव रामलोक खटाणा ने स्पीकर कुलतार सिंह संधवां की अनुमति से की। इसके बाद डिप्टी स्पीकर जय कृष्ण सिंह रौड़ी ने सभी मेहमानों का स्वागत करते हुए संविधान दिवस के महत्व के बारे में बताया।
छात्रों में राजनीति के प्रति जागरूकता बढ़ाने का उद्देश्य
पंजाब के संसदीय कार्य मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि भारत का संविधान हमें जीवन जीने के अधिकार के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। उन्होंने कहा कि यह मॉक सत्र छात्रों में राजनीति और प्रशासनिक ढांचे को समझने का उत्साह पैदा करेगा।
इस अवसर पर विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने कहा कि यह दिन इतिहास में दर्ज होगा, क्योंकि आज अगली पीढ़ी को शासन चलाने की शिक्षा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि राजनीति जीवन से जुड़ी हर चीज को प्रभावित करती है, इसलिए युवाओं का इसकी समझ होना जरूरी है।
भूमिकाओं में ढले भविष्य के नेता
स्पीकर ने मुख्यमंत्री, स्पीकर, डिप्टी स्पीकर और विधायक की भूमिकाएं निभाने वाले छात्रों को खास तौर पर सराहा। उन्होंने कहा कि ये छात्र भविष्य के नेता हैं और पंजाब सरकार की यह पहल उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
इस दौरान स्पीकर ने छात्रों को “वोट चोरी” विषय पर लेख भेजने के लिए आमंत्रित किया और घोषणा की कि विजेताओं को 51,000, 21,000 और 11,000 रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि 29 नवंबर तक कोई भी स्कूल इस विशेष विधानसभा का दौरा कर सकता है।

मॉक सत्र में 117 विधायकों की भूमिकाओं का सटीक प्रदर्शन
मॉक सत्र में छात्रों ने 117 विधायकों की भूमिकाएं निभाईं और शानदार प्रदर्शन किया।
-
मुख्यमंत्री प्रतिनिधि के रूप में हरिकमलदीप सिंह
-
विपक्ष के नेता की भूमिका में हरप्रीत सिंह
-
स्पीकर प्रतिनिधि के रूप में जगमंदर सिंह
-
डिप्टी स्पीकर की भूमिका दीशांत कुमार ने निभाई
सत्र के प्रश्नकाल में छात्रों ने जल संसाधन, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन सहित 10 विभागों से जुड़े सवालों के उत्तर दिए।

विधेयक और ध्यानाकर्षण प्रस्ताव भी हुए पेश
छात्रों द्वारा दो विधेयक पेश किए गए—
-
पंजाब पंचायती राज (संशोधन) विधेयक 2024
-
प्रिवेंशन ऑफ क्रुएल्टी टू एनिमल्स (पंजाब संशोधन) विधेयक 2025
इसके अलावा सीवरेज सिस्टम, जल-बचाव और पीएयू द्वारा विकसित मक्के की नई किस्म जैसे मुद्दों पर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव भी पेश किए गए, जिन्हें सदन ने सर्वसम्मति से पारित किया।
