कर्मचारियों से सरकार से बातचीत की अपील, कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा बोले- मिलकर निकालेंगे रास्ता
पंजाब के कैबिनेट मंत्री और आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रधान अमन अरोड़ा ने सरकारी कर्मचारियों से सरकार के साथ बातचीत करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों का समाधान बातचीत और आपसी सहमति से निकालने की कोशिश होनी चाहिए।
नौकरियों और नियमितीकरण पर जोर
अमन अरोड़ा ने सरकार के काम गिनाते हुए कहा कि 70 से ज्यादा युवाओं को मेरिट के आधार पर सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने बताया कि करीब 65 हजार आउटसोर्स कर्मचारियों को नियमित करने की प्रक्रिया चल रही है। इसके अलावा 10 साल की सेवा पूरी कर चुके करीब 22 हजार कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों को भी पक्का किया जा रहा है।
पिछली सरकारों का बकाया चुकाने का दावा
AAP प्रदेश प्रधान ने कहा कि मौजूदा सरकार पिछली सरकारों के समय का कर्मचारियों से जुड़ा बकाया देने से पीछे नहीं हट रही। उनके मुताबिक, सरकार को विरासत में 14 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की देनदारी मिली थी और इसमें से लगातार भुगतान किया जा रहा है।
विपक्ष पर कर्मचारियों को गुमराह करने का आरोप
अमन अरोड़ा ने विपक्षी दलों पर कर्मचारियों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए इसे गलत बताया। उन्होंने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी हर पंजाबी के हितों की रक्षा करना है। उन्होंने 2016 में वेतन आयोग शुरू किए जाने के समय अकाली-भाजपा सरकार पर कर्मचारियों के हितों को नुकसान पहुंचाने का आरोप भी लगाया।
दोनों पक्षों के लिए रास्ता निकालने की बात
अरोड़ा ने कहा कि सरकार पहले भी कर्मचारी वर्ग के हित में खड़ी रही है और आगे भी बातचीत के जरिए समाधान चाहती है। उन्होंने दोनों पक्षों के लिए साझा रास्ता निकालकर विवाद सुलझाने की जरूरत पर जोर दिया।
