आम आदमी पार्टी पंजाब के महासचिव और मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने विपक्षी दलों पर AAP नेताओं को बदनाम करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता उन लोगों और उनके राजनीतिक संबंधों को अच्छी तरह समझती है, जो सरकार और उसके नेताओं के खिलाफ माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
अमरदीप ग्रेवाल की तस्वीरों का जिक्र
पन्नू ने चर्चित अमरदीप ग्रेवाल की BJP नेताओं के साथ सामने आई तस्वीरों का हवाला दिया। उन्होंने दावा किया कि ग्रेवाल की तस्वीरें जेपी नड्डा, मनजिंदर सिंह सिरसा और रवनीत बिट्टू के साथ दिखाई देती हैं। इसी तरह उन्होंने गुरी चाहल की सुखबीर बादल, हरसिमरत बादल और बिक्रम मजीठिया के साथ तस्वीरें भी सामने रखीं।
अकाली नेताओं पर भी निशाना
AAP नेता ने अकाली नेताओं पर पुराने समय में बड़े नशा तस्करों के साथ संबंध होने के आरोप लगाए। उनका कहना था कि जो लोग खुद नशा तस्करी से जुड़े लोगों को संरक्षण देने के आरोपों से घिरे रहे हैं, वे अब दूसरों पर उंगली उठा रहे हैं।
मान सरकार के कामों का बचाव
बलतेज पन्नू ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार के कामों का विपक्ष के पास कोई ठोस जवाब नहीं है। उनके मुताबिक, इसी वजह से AAP नेताओं की छवि खराब करने के लिए अलग-अलग तरह की बातें और आरोप सामने लाए जा रहे हैं।
