दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी Apple आने वाले 2026 और 2027 में अपने ग्राहकों के लिए कई नए और खास प्रोडक्ट्स लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। कंपनी सिर्फ नए आईफोन ही नहीं, बल्कि ऐसे डिवाइस भी बाजार में उतार सकती है जिन्हें उसने पहले कभी लॉन्च नहीं किया। इनमें फोल्डेबल आईफोन, स्मार्ट ग्लासेस, स्मार्ट होम हब और कैमरा वाले एयरपॉड्स शामिल हैं। इसके साथ ही मौजूदा प्रोडक्ट्स को भी नए फीचर्स और डिजाइन के साथ पेश किया जाएगा।
फोल्डेबल iPhone पर टिकी हैं सबकी नजरें
2026 में ऐप्पल का सबसे चर्चित लॉन्च फोल्डेबल आईफोन हो सकता है। कई रिपोर्ट्स और लीक्स के अनुसार कंपनी सितंबर में iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max के साथ अपना पहला फोल्डेबल फोन पेश कर सकती है। माना जा रहा है कि यह डिवाइस iPhone Ultra नाम से लॉन्च हो सकता है। फोल्ड होने वाली स्क्रीन और प्रीमियम डिजाइन के कारण इसकी कीमत लगभग 2 लाख रुपये तक पहुंच सकती है। यह अब तक का सबसे महंगा आईफोन बन सकता है।
नई Apple Watch भी होगी लॉन्च
नए आईफोन के साथ कंपनी अपनी स्मार्टवॉच लाइनअप को भी अपडेट करने की तैयारी में है। सितंबर में Apple Watch Series 12 और Apple Watch Ultra 4 को लॉन्च किया जा सकता है। इन वॉच में बेहतर हेल्थ फीचर्स, लंबी बैटरी लाइफ और नए सेंसर मिलने की उम्मीद है।
स्मार्ट होम के लिए आएगा नया डिस्प्ले
ऐप्पल स्मार्ट होम सेगमेंट में भी बड़ा कदम रखने जा रही है। कंपनी एक स्मार्ट होम हब लॉन्च कर सकती है जिसमें 7 इंच का डिस्प्ले होगा। यह डिवाइस घर के स्मार्ट गैजेट्स को कंट्रोल करने का केंद्र बनेगा। खास बात यह है कि इसमें फेसियल रिकग्निशन तकनीक हो सकती है, जिससे यह यूजर को पहचानकर उसकी पसंद के अनुसार जानकारी दिखाएगा।
20 साल पूरे होने पर बदलेगा iPhone का लुक
2007 में शुरू हुए आईफोन के सफर को 2027 में 20 साल पूरे हो जाएंगे। इस खास मौके पर कंपनी पूरी तरह नए डिजाइन वाला आईफोन लॉन्च कर सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक iPhone 19 सीरीज की जगह सीधे iPhone 20 सीरीज पेश की जा सकती है। इसके Pro मॉडल्स में फुल-स्क्रीन डिजाइन देखने को मिल सकता है, जिसमें न कोई नॉच होगा और न ही डायनामिक आइलैंड।
स्मार्ट चश्मों की दुनिया में एंट्री
ऐप्पल लंबे समय से स्मार्ट ग्लासेस पर काम कर रही है। उम्मीद है कि 2027 में कंपनी अपना पहला स्मार्ट चश्मा लॉन्च कर सकती है। इसमें कैमरे, वॉयस कंट्रोल और एआई आधारित फीचर्स दिए जा सकते हैं। यह डिवाइस अलग-अलग फ्रेम और रंगों में उपलब्ध हो सकता है, जिससे यूजर्स को स्टाइल और तकनीक दोनों का अनुभव मिलेगा।
कैमरा वाले AirPods भी होंगे खास
ऐप्पल अगले साल कैमरा से लैस नए AirPods भी पेश कर सकती है। इन एयरपॉड्स में लगे कैमरे आसपास की विजुअल जानकारी को समझने में मदद करेंगे। इसके बाद Siri यूजर के सवालों का जवाब आसपास के माहौल को ध्यान में रखकर और ज्यादा सटीक तरीके से दे सकेगी। यह फीचर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और स्मार्ट असिस्टेंट तकनीक को एक नए स्तर पर ले जाने वाला माना जा रहा है।
