पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज राज्यवासियों के लिए बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि सरकार मुख्यमंत्री स्वास्थ्य कार्ड बीमा योजना की शुरुआत कर रही है। इस योजना के तहत हर नागरिक को स्वास्थ्य कार्ड मिलेगा, जिसकी मदद से 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज कराया जा सकेगा।
तर्नतारन और बर्नाला से होगी शुरुआत
मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना की शुरुआत सबसे पहले तर्नतारन और बर्नाला जिलों से की जाएगी। यहां 128 स्थानों पर मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे, ताकि लोगों को रजिस्ट्रेशन के लिए दूर न जाना पड़े। रजिस्ट्रेशन के लिए केवल आधार कार्ड, वोटर कार्ड और पासपोर्ट की फोटोकॉपी ही पर्याप्त होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले 10-12 दिनों में दोनों जिलों के सभी नागरिकों का रजिस्ट्रेशन पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद यह योजना पूरे पंजाब में लागू होगी।
सरकारी और प्राइवेट अस्पताल होंगे शामिल
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस योजना में सरकारी कर्मचारियों और आंगनवाड़ी कर्मचारियों को भी शामिल किया जाएगा। योजना के तहत सरकारी और निजी अस्पतालों को सूचीबद्ध किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इलाज की सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि योजना का व्यापक प्रचार भी किया जाएगा और इसकी जानकारी ग़ुरुद्वारों के लाउडस्पीकरों से भी दी जाएगी, ताकि हर घर तक इसकी सूचना पहुंच सके।
मोहल्ला क्लीनिक की संख्या बढ़ाई जाएगी
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि पंजाब में मोहल्ला क्लीनिक की संख्या बढ़ाकर 1000 की जाएगी। इस योजना के तहत हर तरह की बीमारी को कवर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब देश का पहला राज्य बनेगा, जहां हर परिवार को बिना किसी भेदभाव के 10 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी।
स्वास्थ्य क्षेत्र में नई मिसाल
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार पहले ही हर परिवार को मुफ्त बिजली देने का वादा पूरा कर चुकी है। अब स्वास्थ्य बीमा योजना से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह कदम पंजाब को स्वास्थ्य सुविधाओं के मामले में देशभर में मिसाल बनाएगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पंजाब अब हाल की बाढ़ से बाहर निकल रहा है और यह समय स्वास्थ्य सेवाओं को मज़बूत करने का है। इस योजना से लोगों को न सिर्फ आर्थिक सुरक्षा मिलेगी, बल्कि राज्य में स्वास्थ्य ढांचे को भी मजबूती मिलेगी।
