राजगीर हॉकी स्टेडियम में सोमवार को खेले गए पूल-ए के आखिरी मैच में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने कजाकिस्तान को 15-0 से रौंद दिया। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने ग्रुप स्टेज का अंत टेबल पर टॉप रहते हुए किया। अब भारत बुधवार को सुपर-4 में अपना पहला मैच दक्षिण कोरिया के खिलाफ खेलेगा।
शुरुआती मिनटों से ही भारत का दबदबा
मैच शुरू होते ही भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक रुख अपना लिया। 5वें मिनट में अभिषेक ने पहला गोल किया और कुछ ही देर बाद दूसरा गोल कर दिया। पहले क्वार्टर के आखिरी मिनट में अभिषेक ने सुखजीत को पास दिया, जिस पर उन्होंने गोल कर स्कोर 3-0 कर दिया।
हाफ टाइम तक 7-0 की बढ़त
दूसरे क्वार्टर में भी भारत का दबदबा जारी रहा। 24वें और 31वें मिनट में जगराज सिंह ने गोल दागे, जबकि कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 26वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला। अमित रोहिदास ने भी गोल कर टीम का स्कोर बढ़ाया। हाफ टाइम तक भारत 7-0 की अजेय बढ़त बना चुका था।
जगराज और सुखजीत की हैट्रिक
तीसरे क्वार्टर में भारत का अटैक और तेज हो गया। जगराज सिंह ने पेनल्टी स्ट्रोक से अपना तीसरा गोल दागकर हैट्रिक पूरी की। इसके बाद सुखजीत ने भी लगातार गोल कर हैट्रिक अपने नाम की। कजाकिस्तान की डिफेंस पूरी तरह से टूट चुकी थी और भारतीय खिलाड़ी मैदान पर लगातार गोलों की बरसात कर रहे थे।
चौथे क्वार्टर में गोलों की झड़ी
मैच के आखिरी हिस्से में भी भारतीय खिलाड़ियों का हमला थमा नहीं। 54वें मिनट में संजय ने गोल किया, इसके तुरंत बाद 55वें मिनट में दिलप्रीत सिंह ने गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाया। 59वें मिनट में अभिषेक ने चौथा गोल दागकर भारत की जीत को और खास बना दिया।
अभिषेक बने स्टार, चार गोल किए
पूरे मैच में अभिषेक का प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने अकेले ही चार गोल दागकर भारत की जीत में बड़ी भूमिका निभाई। वहीं, जगराज और सुखजीत की हैट्रिक ने स्कोर को एकतरफा बना दिया। इस जीत ने भारत के आत्मविश्वास को नई ऊंचाई दी है।
ग्रुप स्टेज में परफेक्ट रिकॉर्ड
भारत पहले ही सुपर-4 में क्वालिफाई कर चुका था, लेकिन इस मैच में बड़े अंतर से जीत दर्ज कर टीम ने ग्रुप स्टेज का अंत शानदार अंदाज में किया। भारत ने पूल-ए में खेले गए तीनों मैच जीते और 9 अंक लेकर शीर्ष स्थान हासिल किया।
अब होगी असली परीक्षा
भारतीय टीम का अगला मुकाबला बुधवार को सुपर-4 में दक्षिण कोरिया से होगा। घरेलू दर्शकों के सामने मिली इस बड़ी जीत ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ा दिया है। अब देखना होगा कि सुपर-4 में भारत अपने दमदार प्रदर्शन को बरकरार रख पाता है या नहीं। यह चरण एशिया कप के खिताबी सफर की असली परीक्षा साबित होगा।
