Punjab Police ने AGTF पंजाब के साथ मिलकर गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ अपना विशेष अभियान ‘गैंगस्ट्रान ते वार’ लगातार जारी रखा हुआ है। अभियान के 116वें दिन राज्यभर में बड़े स्तर पर छापेमारी की गई। पुलिस ने चिन्हित स्थानों पर कार्रवाई करते हुए गैंगस्टरों और उनके सहयोगियों पर दबाव बढ़ाया।
598 छापे, 315 लोग हिरासत में
पंजाब पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस अभियान के तहत राज्यभर में कुल 598 जगहों पर छापे मारे गए। कार्रवाई के दौरान 315 लोगों को हिरासत में लिया गया, जिनसे पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा 7 घोषित अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया, जो लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर थे।
हथियार भी हुए बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 8 हथियार बरामद किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि गैंगस्टर नेटवर्क और अवैध हथियारों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य राज्य में अपराध और डर के माहौल को खत्म करना है।
कुल गिरफ्तारियां 29 हजार के पार
पुलिस के मुताबिक, ‘गैंगस्ट्रान ते वार’ अभियान शुरू होने के बाद से अब तक कुल गिरफ्तारियों की संख्या 29,700 तक पहुंच चुकी है। पंजाब पुलिस ने लोगों से अपील की है कि गैंगस्टरों से जुड़ी किसी भी जानकारी को एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 पर गुमनाम तरीके से साझा किया जा सकता है।
