भारत के लिए 26 जून 2025 एक ऐतिहासिक दिन बन सकता है। आज दोपहर 12 बजे भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अमेरिका के कैनेडी स्पेस सेंटर से अंतरिक्ष के लिए उड़ान भरेंगे। Axiom-4 मिशन के जरिए शुभांशु इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) पहुंचने वाले भारत के पहले नागरिक बन जाएंगे। इसके साथ ही वो राकेश शर्मा के बाद अंतरिक्ष में जाने वाले दूसरे भारतीय होंगे।
अंतरिक्ष से पहले दिया भावुक संदेश
लॉन्चिंग से पहले शुभांशु ने भारतवासियों से भावुक अपील करते हुए कहा,
“यह मिशन भारत के लिए मील का पत्थर है। मैं आप सभी से इसकी सफलता के लिए प्रार्थना करने की अपील करता हूं। यहां तक कि तारे भी हासिल किए जा सकते हैं।”
उनके इस संदेश ने लोगों के दिलों को छू लिया है और सोशल मीडिया पर शुभकामनाओं का तांता लग गया है।
मिशन की खास बातें
-
स्थान: अमेरिका का कैनेडी स्पेस सेंटर
-
उड़ान का समय: 26 जून दोपहर 12 बजे (IST)
-
ISS से जुड़ने का समय: 27 जून शाम 4:30 बजे (IST)
-
अवधि: 14 दिन
-
सहयोगी संस्थाएं: Axiom Space, NASA और SpaceX
-
कुल यात्री: 4 (शुभांशु सहित)
इस मिशन में अंतरिक्ष यात्री अंतर्राष्ट्रीय स्पेस स्टेशन पर रहकर वैज्ञानिक और तकनीकी प्रयोग करेंगे जो मानवता के भविष्य के लिए बेहद उपयोगी हो सकते हैं।
7 बार टल चुका मिशन
Axiom-4 मिशन पहले 7 बार टल चुका था, जिसकी वजह तकनीकी समस्याएं और ISS के मॉड्यूल में दबाव की दिक्कतें थीं। लेकिन अब सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और मिशन लॉन्च के लिए तैयार है।
माता-पिता और देशवासियों की दुआएं साथ
शुभांशु शुक्ला के माता-पिता ने उन्हें आशीर्वाद देते हुए कहा कि उन्हें अपने बेटे पर गर्व है। लखनऊ से लेकर दिल्ली और बेंगलुरु तक लोग TV और मोबाइल पर इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए तैयार हैं।
लाइव अपडेट्स
इस मिशन की लॉन्चिंग को लाइव देखा जा सकता है और भारतभर के स्कूलों, कॉलेजों और रिसर्च सेंटरों में इसे लेकर उत्साह का माहौल है।
