पंजाबी सुपरस्टार दिलजीत दोसांझ की आने वाली फिल्म ‘सरदार जी 3’ विवादों में घिर गई है। फिल्म में पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर की मौजूदगी के कारण सोशल मीडिया पर बवाल मच गया है। लोग न सिर्फ फिल्म की आलोचना कर रहे हैं, बल्कि दिलजीत दोसांझ का वीज़ा रद्द करने और उनकी नागरिकता खत्म करने तक की मांग कर रहे हैं।
इस विवाद के चलते फिल्म की लीड एक्ट्रेस नीरू बाजवा ने भी एक चौंकाने वाला कदम उठाया है। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से ‘सरदार जी 3’ से जुड़ी सारी पोस्टें डिलीट कर दी हैं। यह कदम उन्होंने फिल्म की विदेशों में रिलीज़ से ठीक एक दिन पहले, 26 जून को चुपचाप उठाया।
क्यों बढ़ा विवाद?
दरअसल, भारत में पाकिस्तानी कलाकारों पर पाबंदी लगी हुई है, खासकर हाल ही में हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद। ऐसे में लोगों को यह बात नागवार गुज़री कि दिलजीत दोसांझ की फिल्म में एक पाकिस्तानी अभिनेत्री को कास्ट किया गया।
एक Reddit पोस्ट के मुताबिक, नीरू बाजवा ने न सिर्फ पोस्ट हटाईं बल्कि हानिया आमिर को इंस्टाग्राम पर अनफॉलो भी कर दिया है। नीरू की ताज़ा पोस्ट में उन्होंने ‘Son of Sardaar 2’ के टीज़र की बात की है, लेकिन ‘सरदार जी 3’ का कहीं ज़िक्र नहीं किया।
FWICE ने PM मोदी को लिखा पत्र
FWICE (Federation of Western India Cine Employees) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक चिट्ठी लिखी है जिसमें उन्होंने दिलजीत दोसांझ और फिल्म के मेकर्स के पासपोर्ट रद्द करने और नागरिकता खत्म करने की मांग की है।
मेकर्स का सफाई
इस विवाद के बीच, फिल्म के मेकर्स ने सफाई देते हुए कहा है कि हानिया आमिर को फिल्म में पहले ही कास्ट किया गया था, जब भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव नहीं था और फिल्म की शूटिंग भी पहले ही पूरी हो चुकी थी।
फिल्म की रिलीज़
‘सरदार जी 3’ को भारत को छोड़कर 27 जून को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज़ कर दिया गया है। लेकिन भारत में इसकी रिलीज़ पर अब सस्पेंस बना हुआ है।
यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या इस विवाद का असर फिल्म की कमाई और दिलजीत दोसांझ की इमेज पर पड़ता है या नहीं। फिलहाल, सोशल मीडिया पर लोग इस मुद्दे को लेकर लगातार बहस कर रहे हैं और फिल्म को बायकॉट करने की भी बातें हो रही हैं।
