महाराष्ट्र के परभणी जिले की मानवत तहसील स्थित प्रसिद्ध यशवाड़ी मारुति मंदिर में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। मंदिर परिसर में चल रहे एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान सभा मंडप की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंडप के नीचे मौजूद थे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
कई लोगों के हताहत होने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में कई श्रद्धालु मलबे के नीचे दब गए। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल आर.पी. अस्पताल और आसपास के अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
निर्माणाधीन था सभा मंडप
घटनास्थल से सामने आई तस्वीरों और वीडियो के अनुसार, मंदिर का सभा मंडप अभी निर्माणाधीन था। शनिवार होने और हनुमान मंदिर में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाने के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु वहां एकत्र हुए थे। कार्यक्रम के दौरान अचानक छत गिरने से लोग मलबे में फंस गए।
युद्ध स्तर पर चल रहा बचाव अभियान
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। मलबा हटाने के लिए मशीनों और स्थानीय लोगों की मदद ली जा रही है। बचाव दल लगातार फंसे हुए लोगों को निकालने का प्रयास कर रहे हैं और घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एम्बुलेंस तैनात की गई हैं।
प्रशासन की नजर हालात पर
प्रशासन ने पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर राहत कार्य तेज कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और बचाव अभियान पूरा होने के बाद हादसे के कारणों की जांच भी की जाएगी। मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने भी राहत कार्य में प्रशासन का सहयोग किया।
