लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया जाएगा। राज्यसभा सांसद और विश्वविद्यालय के चांसलर डॉ. अशोक कुमार मित्तल के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद नितिन नबीन इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
“12-12-12” थीम बनी आकर्षण का केंद्र
इस वर्ष कार्यक्रम को विशेष “12-12-12” थीम के तहत आयोजित किया जा रहा है। यह थीम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुरुआत के 12 वर्षों, योग दिवस के 12 साल पूरे होने और कार्यक्रम में 12 हजार लोगों की भागीदारी को समर्पित है। आयोजकों का मानना है कि यह थीम योग के वैश्विक विस्तार और उसकी लोकप्रियता को दर्शाती है।
स्वस्थ जीवन का संदेश देगा योग
इस साल अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की वैश्विक थीम “योग फॉर हेल्दी एजिंग” यानी स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग रखी गई है। इस थीम का उद्देश्य लोगों को यह समझाना है कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि शारीरिक फिटनेस, मानसिक शांति और बेहतर जीवनशैली का माध्यम है। कार्यक्रम के दौरान योग के महत्व और उसके लाभों के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।
बड़ी संख्या में शामिल होंगे नेता और नागरिक
इस आयोजन में पंजाब बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा और आम नागरिक भी भाग लेंगे। कार्यक्रम को प्रदेश के सबसे बड़े योग आयोजनों में से एक माना जा रहा है। आयोजकों के अनुसार बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी योग के प्रति बढ़ती जागरूकता को दर्शाएगी।
योग सत्र के बाद होगी महत्वपूर्ण चर्चा
योग सत्र समाप्त होने के बाद नितिन नबीन, डॉ. अशोक कुमार मित्तल और अन्य वरिष्ठ नेताओं के बीच पंजाब के विकास, शिक्षा, युवाओं के सशक्तिकरण, कौशल विकास और संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा भी होगी।
