मान सरकार ने राज्य में बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया है। मोहाली स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बिलेयरी साइंसेज़ में पहली बार सफल लिवर ट्रांसप्लांट किया गया है। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने यह जटिल सर्जरी पूरी कुशलता से कर दिखाया, जिससे अस्पताल ने एक नई उपलब्धि अपने नाम की है।
दिल्ली के बाद पंजाब का पहला सफल लिवर ट्रांसप्लांट
स्वास्थ्य विभाग के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि दिल्ली के बाद अब पंजाब के सरकारी अस्पताल में पहली बार लिवर ट्रांसप्लांट सफल हुआ है। इससे राज्य के मरीजों को अब दूर-दराज बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि यह सफलता राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था में एक नया अध्याय जोड़ती है और आने वाले समय में इस सुविधा को और मजबूत किया जाएगा।
अस्पताल की क्षमता बढ़ेगी, मरीजों को मिलेगा बेहतर इलाज
सरकार की योजना के अनुसार, मोहाली स्थित इस अस्पताल को जल्द ही 175 बेड की सुविधा के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे अधिक से अधिक मरीजों को आधुनिक उपचार और बेहतर चिकित्सा सुविधाएँ एक ही जगह उपलब्ध होंगी।
मान सरकार का कहना है कि उनका लक्ष्य है कि पंजाब का हर नागरिक बिना किसी परेशानी के उच्च स्तर की स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सके।
