पंजाब पुलिस ने एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के साथ मिलकर ‘गैंगस्टरन ते वार’ अभियान के तहत राज्यभर में गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ सघन कार्रवाई जारी रखी। अभियान के 158वें दिन पुलिस ने पहले से चिन्हित और मैप की गई जगहों पर एक साथ टारगेटेड रेड की, ताकि संगठित अपराध पर प्रभावी तरीके से लगाम लगाई जा सके।
569 जगहों पर रेड, सैकड़ों गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान कुल 569 स्थानों पर छापेमारी की गई। इस कार्रवाई में 381 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 8 घोषित अपराधियों को भी पकड़ने में सफलता मिली। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 7 अवैध हथियार भी बरामद किए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
अभियान में लगातार बढ़ रही गिरफ्तारियां
पंजाब पुलिस ने बताया कि ‘गैंगस्टरन ते वार’ अभियान शुरू होने के बाद से अब तक 41,065 लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क को खत्म करने के लिए राज्यभर में इसी तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
लोगों से मांगा सहयोग
पुलिस ने आम लोगों से भी गैंगस्टर गतिविधियों की जानकारी साझा करने की अपील की है। इसके लिए एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 जारी की गई है, जहां कोई भी व्यक्ति अपनी पहचान गुप्त रखते हुए सूचना दे सकता है। पंजाब पुलिस ने दोहराया कि राज्य को सुरक्षित और अपराध मुक्त बनाने के लिए हर स्तर पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
