अमृतसर में आयोजित ‘एक शाम भगवान शिव जी के नाम’ भजन संध्या में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने हिस्सा लिया। प्रसिद्ध भजन गायक हंसराज रघुवंशी ने भगवान शिव की भक्ति से जुड़े भजनों की प्रस्तुति दी, जिसे लोगों ने श्रद्धा के साथ सुना। बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस धार्मिक आयोजन में शामिल हुए और भक्ति एवं आध्यात्मिक माहौल का आनंद लिया।
श्री राम तीर्थ में बनेगा भव्य लव-कुश मंदिर
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अमृतसर स्थित श्री राम तीर्थ में भव्य लव-कुश मंदिर के निर्माण की घोषणा की। मनीष सिसोदिया ने कहा कि मान्यता के अनुसार यह वही पवित्र स्थान है, जहां माता सीता ने वनवास के दौरान निवास किया था और लव-कुश का जन्म हुआ था। उन्होंने कहा कि यह केवल मंदिर निर्माण की परियोजना नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक विरासत, आस्था और ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
सभी जिलों में हो रही हैं भजन संध्याएं
मनीष सिसोदिया ने कहा कि पंजाब सरकार राज्य के सभी जिलों में भगवान शिव की भजन संध्याओं का आयोजन कर रही है। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल होकर भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने का काम करते हैं।
