अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस को अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सीमा पार से संचालित हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 10 आधुनिक पिस्तौल और 9 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस इस कार्रवाई को संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी उपलब्धि मान रही है।
विदेश में बैठे तस्कर के इशारे पर कर रहे थे काम
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे एक तस्कर के निर्देश पर काम कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह सीमा पार के रास्तों से अवैध हथियारों की खेप मंगवाता था और बाद में उन्हें आपराधिक तत्वों तक पहुंचाने का काम करता था। जांच एजेंसियां अब पूरे नेटवर्क की गतिविधियों और संपर्कों की जानकारी जुटा रही हैं।
दो थानों में दर्ज हुई एफआईआर
इस मामले में अमृतसर के छेहरटा और मकबूलपुरा पुलिस थानों में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है और हथियार सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि अब तक इस नेटवर्क के जरिए कितने हथियार तस्करी कर पहुंचाए गए।
नेटवर्क की अन्य कड़ियों की तलाश जारी
पंजाब पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। जांच का मुख्य उद्देश्य पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करना और इसमें शामिल सभी लोगों तक पहुंचना है। पंजाब पुलिस ने दोहराया कि अवैध हथियारों की तस्करी, संगठित अपराध और सीमा पार से संचालित आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ उसकी ज़ीरो-टॉलरेंस नीति जारी रहेगी।
