पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस विंग ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। फिरोजपुर में पुलिस ने सरहद पार से चल रहे ड्रग रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 5 किलो हेरोइन बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरप्रीत सिंह उर्फ गोरा के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि यह हेरोइन पाकिस्तान से सीमा पार कर भेजी गई थी और आरोपी इसे पंजाब में आगे सप्लाई करने की तैयारी में था।
खुफिया इनपुट पर हुई कार्रवाई
सूत्रों से मिली सटीक जानकारी के आधार पर काउंटर इंटेलिजेंस, फिरोजपुर ने यह ऑपरेशन अंजाम दिया। टीम ने आरोपी को रंगे हाथों दबोचा और उससे भारी मात्रा में हेरोइन जब्त की।
जांच में यह भी सामने आया कि इस रैकेट के तार पाकिस्तान स्थित तस्करों से जुड़े हुए हैं, जो सीमा पार से ड्रोन और अन्य माध्यमों से नशा पंजाब तक पहुंचा रहे थे।
मामला दर्ज, जांच जारी
इस पूरे मामले में स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC) फाजिल्का में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब रैकेट के बाकी सदस्यों और उनके नेटवर्क की तलाश में जुटी है।
जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि यह ड्रग सप्लाई किन जिलों में फैली हुई थी और किन लोगों तक इसका संबंध है।
पंजाब पुलिस का बयान
पंजाब पुलिस ने कहा है कि राज्य से नशे की जड़ें खत्म करने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।
पुलिस ने साफ किया कि ट्रांस-बॉर्डर ड्रग नेटवर्क्स को पूरी तरह खत्म करना और युवाओं को नशे के जाल से बचाना ही उनकी प्राथमिकता है।
