पंजाब में संगठित अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए पंजाब सरकार के निर्देश पर शुरू की गई गैंगस्टरां ते वार’ मुहिम के तहत पंजाब पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार-2’ चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। राज्य को गैंगस्टर मुक्त बनाने के लक्ष्य के साथ चलाए गए इस व्यापक अभियान ने अपराधियों के नेटवर्क को गहरी चोट पहुंचाई है।
पंजाब सरकार की आधिकारिक जानकारी के अनुसार, ‘ऑपरेशन प्रहार-2’ के दौरान पूरे राज्य में एक साथ 8,278 ठिकानों पर छापेमारी की गई। इस बड़े समन्वित अभियान में 3,260 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 135 फरार अपराधी भी शामिल हैं जो लंबे समय से कानून से बच रहे थे। इसके अलावा पुलिस ने 47 अवैध हथियार बरामद किए और भारी मात्रा में नशीले पदार्थ जब्त कर अपराध की सप्लाई चेन को कमजोर किया।
यह अभियान केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि गैंगस्टर नेटवर्क के आर्थिक और लॉजिस्टिक ढांचे को भी निशाना बनाया गया। पुलिस ने विभिन्न जिलों में विशेष टीमें गठित कर एक साथ कार्रवाई की, जिससे अपराधियों को संभलने का मौका नहीं मिला। इंटेलिजेंस इनपुट और तकनीकी निगरानी के आधार पर की गई छापेमारी ने संगठित अपराध के कई मॉड्यूल का पर्दाफाश किया।
राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि पंजाब में गैंगस्टर संस्कृति को जड़ से खत्म करने के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। ‘गैंगस्टरां ते वार’ अभियान के जरिए यह स्पष्ट संदेश दिया गया है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है।
इसके साथ ही पुलिसिंग को आधुनिक बनाने, प्रतिक्रिया तंत्र को मजबूत करने और सामुदायिक सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है। हालिया कार्रवाई से कानून-व्यवस्था की स्थिति और मजबूत हुई है और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना और बढ़ी है।
