पंजाब पुलिस की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। बरनाला पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में पुलिस ने बंबीहा गैंग से जुड़े दो शूटरों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप सिंह और शेखर के रूप में हुई है। दोनों के पास से भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल छह पिस्तौल बरामद की हैं — जिनमें एक PX5 पिस्तौल, चार .32 बोर पिस्तौलें, और एक .30 बोर पिस्तौल शामिल है। इसके अलावा 19 जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए हैं।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों आरोपी विदेश में बैठे अपने हैंडलरों के निर्देश पर पंजाब में सक्रिय गैंग के सदस्यों को ये हथियार सप्लाई करने वाले थे। पुलिस को शक है कि इन हथियारों का इस्तेमाल राज्य में सनसनीखेज वारदातों को अंजाम देने के लिए किया जाना था।
AGTF के एक अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की सप्लाई चेन, इसके बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक का पता लगाने में जुटी है ताकि इस अवैध हथियार तस्करी गैंग को पूरी तरह खत्म किया जा सके।
पंजाब पुलिस ने कहा है कि वह राज्य में संगठित अपराध और अवैध हथियारों के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है।
डीजीपी गौरव यादव ने कहा, “हमारा लक्ष्य पंजाब को गैंगस्टर और हथियार तस्करों से पूरी तरह मुक्त कराना है। अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।”
