जीएसटी काउंसिल ने देश के टैक्स ढांचे में बड़ा सुधार करते हुए दो स्लैब वाला सिस्टम लागू करने का ऐलान किया है। अब 5% और 18% की दरें ही लागू होंगी। यह फैसला काउंसिल की 56वीं बैठक में लिया गया और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इसकी जानकारी साझा की। नए स्लैब 22 सितंबर से प्रभावी होंगे।
जरूरी सामान होंगे सस्ते
नई व्यवस्था के तहत दूध, रोटी, परांठा और पनीर जैसे खाद्य पदार्थों पर जीएसटी पूरी तरह हटा दिया गया है। वहीं, साबुन, शैम्पू और कार-एसी जैसे उत्पाद भी अब पहले से सस्ते हो जाएंगे। स्वास्थ्य बीमा और जीवन बीमा पर टैक्स नहीं लगेगा, साथ ही 33 जीवनरक्षक दवाओं और गंभीर बीमारियों के इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाओं को टैक्स से छूट दी गई है।
तंबाकू उत्पादों पर सख्ती
सरकार ने तंबाकू और इससे जुड़े उत्पादों पर टैक्स बढ़ाकर 40% कर दिया है। इसका मकसद इनके उपभोग को हतोत्साहित करना है। हालांकि, इस नई दर को तुरंत लागू नहीं किया जाएगा। बड़ी और मिड-साइज कारें व 350cc से ऊपर इंजन वाली मोटरसाइकिलें भी इस स्लैब में आएंगी।
ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा
क्लीन एनर्जी सेक्टर को प्रोत्साहन देने के लिए सरकार ने सोलर पैनल, पवन चक्की और रिन्यूएबल एनर्जी उपकरणों पर जीएसटी 12% से घटाकर 5% कर दिया है। इससे ग्रीन प्रोजेक्ट्स की लागत घटेगी और नई परियोजनाओं को बढ़ावा मिलेगा।
उद्योग जगत ने किया स्वागत
हिंदुजा ग्रुप के चेयरमैन अशोक पी. हिंदुजा ने इसे “अर्थव्यवस्था को स्थिर और मजबूत करने वाला कदम” बताया। महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने कहा कि ऐसे सुधार खपत और निवेश दोनों को बढ़ावा देंगे। फ्लिपकार्ट के राजनीश कुमार ने माना कि त्योहारों से पहले यह बदलाव बाजार में मांग को बढ़ाएगा।
एफएमसीजी सेक्टर को मिलेगा बूस्ट
साबुन, शैम्पू और अन्य एफएमसीजी उत्पादों पर टैक्स 18% से घटाकर 5% कर दिया गया है। मारिको के सीईओ सौगत गुप्ता ने कहा कि इससे त्योहारों में खपत बढ़ेगी। डाबर और गोदरेज जैसे बड़े ब्रांड्स ने भी इस फैसले का स्वागत किया और भरोसा दिलाया कि टैक्स कटौती का पूरा लाभ ग्राहकों तक पहुंचेगा।
मरीजों के लिए बड़ी राहत
फार्मा सेक्टर ने जीवनरक्षक दवाओं पर टैक्स छूट का स्वागत किया है। इंडियन फार्मास्युटिकल एलायंस के महासचिव सुधर्शन जैन ने कहा कि यह कदम कैंसर और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों और उनके परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।
उपभोक्ताओं को तुरंत फायदा
फुटवियर कंपनी बाटा इंडिया ने घोषणा की है कि वह 1,000 रुपये से कम कीमत वाले जूतों-चप्पलों पर जीएसटी कटौती का लाभ तुरंत ग्राहकों तक पहुंचाएगी। कंपनी “बाटा प्राइस प्रॉमिस” स्कीम के तहत कीमतों में 7% की कमी कर रही है।
