पटना में हुए चर्चित कारोबारी गोपाल खेमका हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है, जिसकी पहचान रोशन कुमार के रूप में हुई है। रोशन पटना के पुनपुन इलाके का रहने वाला है। पुलिस को उस पर तब शक हुआ जब वह रविवार को गोपाल खेमका के अंतिम संस्कार में पहुंचा। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई।
हत्या में शूटर के साथ थे दो लाइनर
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस वारदात को अंजाम देने में एक शूटर और दो लाइनर शामिल थे। गोपाल खेमका जब घटना वाली रात बांकीपुर क्लब से बाहर निकले, तब पहला लाइनर शूटर को उनकी लोकेशन की जानकारी दे रहा था। वहीं दूसरा लाइनर पहले से ही गांधी मैदान और बिस्कोमान टावर के आसपास मौजूद था। शूटर सीधे गोपाल खेमका के अपार्टमेंट के पास खड़ा होकर उनका इंतजार कर रहा था।
कैसे हुई हत्या?
शुक्रवार रात की यह घटना पूरी तरह सुनियोजित थी। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा गया कि एक शख्स हेलमेट पहनकर अपार्टमेंट के गेट के बाहर खड़ा था। जैसे ही गोपाल खेमका कार से उतरे, शूटर ने पास आकर उन पर गोलियां चला दीं। गोपाल खेमका को गोलियों से छलनी कर दिया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद शूटर बाइक पर सवार होकर फरार हो गया। इस हत्याकांड को पुलिस स्टेशन से कुछ ही दूरी पर अंजाम दिया गया।
पुलिस की देरी पर उठे सवाल
खेमका के परिजनों का आरोप है कि हत्या के बाद पुलिस एक घंटे की देरी से मौके पर पहुंची, जबकि घटनास्थल थाने से कुछ ही मिनटों की दूरी पर था। परिजनों ने पुलिस की लापरवाही पर गहरी नाराज़गी जताई है।
हालांकि इस पर डीएसपी ने इनकार किया है और कहा कि पुलिस ने मौके पर समय पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी थी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शनिवार को हत्याकांड से जुड़े तार तलाशने के लिए जेलों में छापेमारी भी की है और जल्दी ही पूरे नेटवर्क को पकड़ लिया जाएगा।
जांच में जुटी पुलिस
अब तक पुलिस ने इस केस में करीब एक दर्जन संदिग्धों से पूछताछ की है। खासतौर से रोशन कुमार से पूछताछ पर पुलिस की नज़र टिकी हुई है। अधिकारियों को उम्मीद है कि रोशन से कई अहम सुराग मिल सकते हैं, जिससे हत्या की गुत्थी सुलझाई जा सके।
गोपाल खेमका की हत्या ने पटना में सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े थाने के पास हत्या और पुलिस की कथित देरी से लोग हैरान हैं। हालांकि पुलिस दावा कर रही है कि वो बहुत जल्द आरोपियों तक पहुंच जाएगी। फिलहाल, रोशन कुमार की गिरफ्तारी से उम्मीद है कि हत्याकांड से जुड़े बड़े खुलासे जल्द होंगे।
