पंजाब सरकार ने किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक और कदम उठाया है। कैबिनेट मंत्री बरिंदर गोयल ने मोगा जिले के चुप कीती (झंडेवाला) माइनर का उद्घाटन किया। सरकार का कहना है कि इस परियोजना का उद्देश्य खेतों तक नहरी पानी पहुंचाकर किसानों को राहत देना और भूजल पर निर्भरता कम करना है।
1.90 करोड़ रुपये से बनी 6.16 किलोमीटर लंबी माइनर
सरकार के अनुसार, 6.16 किलोमीटर लंबी माइनर के निर्माण पर 1.90 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इस परियोजना के शुरू होने से 621 एकड़ कृषि भूमि को सिंचाई के लिए नहरी पानी उपलब्ध होगा। इससे किसानों को समय पर सिंचाई की सुविधा मिलने के साथ-साथ खेती की लागत कम होने की भी उम्मीद है।
92 किलोमीटर लंबे खालों और पाइपलाइन का लोकार्पण
बरिंदर गोयल ने इस मौके पर 16.92 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 92 किलोमीटर लंबे खालों और पाइपलाइन नेटवर्क का भी लोकार्पण किया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य नहरों का पानी अधिक प्रभावी ढंग से खेतों तक पहुंचाना और पानी की बर्बादी को कम करना है।
भूजल बचाने पर सरकार का जोर
कैबिनेट मंत्री बरिंदर गोयल ने कहा कि पंजाब सरकार भूजल स्तर को बचाने के लिए नहरी पानी की पहुंच बढ़ाने पर लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत राज्य सरकार अब तक 7,572 करोड़ रुपये खर्च कर नहरी पानी को पंजाब के अधिक से अधिक खेतों तक पहुंचाने का प्रयास कर चुकी है। सरकार का मानना है कि इससे किसानों को सिंचाई के लिए ट्यूबवेल पर कम निर्भर रहना पड़ेगा और भूजल संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
