लुधियाना की औद्योगिक नगरी में दीवाली के त्योहार के दौरान आग लगने की घटनाओं में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। फायर ब्रिगेड विभाग के अनुसार, सिर्फ दो दिनों में कुल 91 स्थानों से आग लगने की सूचनाएं मिलीं। सभी जगहों पर फायर ब्रिगेड की टीमों ने तुरंत पहुंचकर आग पर काबू पाया और बड़े हादसों को टाल दिया।
9 जगहों पर लगी ‘बड़ी आग’
एडीएफओ जसविंदर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इन घटनाओं में से 9 मामले ‘मेजर फायर’ की श्रेणी में आए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि किसी भी स्थान पर जानी नुकसान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि फायर ब्रिगेड की टीमों ने दिन-रात मेहनत करके हालात को नियंत्रण में रखा।
फायरमैन हुआ घायल, हालत स्थिर
अग्निशमन विभाग की कार्रवाई के दौरान एक फायरमैन विजय कुमार घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद टांके लगाए गए हैं और उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है। एडीएफओ जसविंदर सिंह ने कहा कि विभाग के सभी कर्मचारी त्योहारों के दिनों में पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी पर तैनात रहे और समय पर पहुंचकर कई बड़े हादसे रोकने में सफल रहे।
सावधानी ही सुरक्षा
फायर ब्रिगेड ने नागरिकों से अपील की है कि त्योहारों और जश्न के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें, खुले में पटाखे न चलाएं और बिजली के तारों या सजावट के सामान से दूरी बनाए रखें। अधिकारियों ने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।
