पंजाब पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC), अमृतसर ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए पाकिस्तान से जुड़े हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में चार तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान जुगराज सिंह उर्फ चिरी, कुलबीर सिंह उर्फ नन्नू उर्फ कालू, अर्शदीप सिंह और नछत्तर सिंह के रूप में हुई है। सभी आरोपी जिला तरनतारन के रहने वाले हैं।
चार पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद
एसएसओसी टीम ने आरोपियों के कब्जे से चार अत्याधुनिक 30 बोर की पिस्तौलें और कई जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, ये हथियार पाकिस्तान के रास्ते पंजाब में तस्करी करके लाए जा रहे थे, ताकि इन्हें गैंगस्टर नेटवर्क और आपराधिक तत्वों तक पहुंचाया जा सके।
पाकिस्तानी तस्कर के इशारों पर काम कर रहे थे आरोपी
पुलिस की प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार आरोपी एक पाकिस्तान-आधारित हथियार तस्कर के संपर्क में थे, जो सीमा पार से हथियारों की सप्लाई करवाने का काम करता था। इस गिरोह का मकसद पंजाब में गैरकानूनी हथियारों की तस्करी और संगठित अपराध को बढ़ावा देना था।
पूरे नेटवर्क की पड़ताल जारी
इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है। पुलिस अब इस नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की तहकीकात कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हथियार किन लोगों तक पहुंचने वाले थे और पाकिस्तान से इसकी डिलीवरी किसने करवाई थी।
पंजाब पुलिस की सख्त चेतावनी
Punjab Police ने साफ किया है कि राज्य में किसी भी तरह की क्रॉस-बॉर्डर तस्करी, अवैध हथियारों और गैंगस्टर नेटवर्क को बख्शा नहीं जाएगा। पंजाब पुलिस का कहना है कि उनका मकसद ऐसे सभी नेटवर्क को जड़ से खत्म करना और राज्य में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाना है।
