अमेरिका में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। भारतीय मूल के जाने-माने राष्ट्रीय सुरक्षा विशेषज्ञ ऐशले टेलिस को एफबीआई (FBI) ने गिरफ्तार किया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने अमेरिकी रक्षा और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े गोपनीय दस्तावेज अपने पास रखे और पिछले कुछ वर्षों में चीन के अधिकारियों से गुप्त मुलाकातें कीं।
शनिवार को वर्जीनिया के वियना में टेलिस के घर पर एफबीआई ने छापा मारा, जहाँ से करीब 1000 से ज़्यादा टॉप सीक्रेट दस्तावेज बरामद हुए। अधिकारियों ने बताया कि ये कागज़ात टेलिस के बेसमेंट ऑफिस में बंद कैबिनेट, बैग और डेस्क में छिपाकर रखे गए थे। कई फाइलों पर “Top Secret” और “Secret” की मोहर लगी हुई थी।
कैसे हुआ खुलासा
एफबीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, 25 सितंबर 2025 को टेलिस को अमेरिकी विदेश विभाग के कंप्यूटर सिस्टम से क्लासिफाइड दस्तावेज प्रिंट करते हुए कैमरे में कैद किया गया था। उन्होंने “US Air Force Tactics” नाम की 1,288 पन्नों की फाइल को “Econ Reform” नाम से सेव किया और कुछ पन्ने प्रिंट करने के बाद उसे डिलीट कर दिया।
इसके बाद 10 अक्टूबर को एक और सुरक्षा कैमरे में टेलिस को सरकारी कार्यालय से दस्तावेज़ बैग में छिपाकर ले जाते हुए देखा गया। एफबीआई ने बताया कि सितंबर 2022 से सितंबर 2025 के बीच टेलिस ने वर्जीनिया के कई रेस्तरां में चीनी अधिकारियों से गुप्त मुलाकातें कीं। एक बैठक में वे एक मनीला लिफाफा लेकर पहुँचे थे, लेकिन बाहर निकलते समय वह लिफाफा उनके पास नहीं था।
बैठकों में क्या होती थी चर्चा
इन बैठकों में ईरान-चीन संबंध, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, और अमेरिका-पाकिस्तान नीति जैसे संवेदनशील विषयों पर बातचीत होती थी। सितंबर 2025 की एक बैठक में चीनी अधिकारियों ने उन्हें लाल रंग का गिफ्ट बैग भी दिया था, जिसकी जांच अब एफबीआई कर रही है।
कौन हैं ऐशले टेलिस
64 वर्षीय ऐशले टेलिस का जन्म मुंबई में हुआ था। उन्होंने सेंट जेवियर्स कॉलेज और मुंबई विश्वविद्यालय से पढ़ाई की, फिर यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो से राजनीति विज्ञान में पीएचडी की डिग्री हासिल की।
टेलिस अमेरिका और भारत के बीच हुए नागरिक परमाणु समझौते (Civil Nuclear Deal) के प्रमुख वार्ताकारों में शामिल रहे हैं। वे अमेरिकी राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू. बुश के विशेष सहायक भी रह चुके हैं और नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल (NSC) में रणनीतिक योजना और दक्षिण एशिया मामलों के निदेशक के रूप में काम कर चुके हैं।
गिरफ्तारी से पहले वे डिपार्टमेंट ऑफ डिफेंस के लिए ठेकेदार (Contractor) के रूप में काम कर रहे थे और कार्नेगी एंडॉमेंट फॉर इंटरनेशनल पीस में सीनियर फेलो थे।
छापेमारी और गिरफ्तारी
एफबीआई ने बताया कि 11 अक्टूबर की शाम जब टेलिस अपने परिवार के साथ रोम की यात्रा पर जाने की तैयारी में थे, तभी एजेंसी ने अचानक उनके घर पर छापा मार दिया और उन्हें हिरासत में ले लिया।
उनके पास से मिले दस्तावेजों की जांच जारी है। 13 अक्टूबर को उन्हें वर्जीनिया डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ उन पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के उल्लंघन, गोपनीय दस्तावेज चोरी, और विदेशी संपर्कों की रिपोर्टिंग में विफलता के आरोप तय किए गए हैं।
अभी जांच एजेंसियाँ यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या टेलिस ने ये दस्तावेज किसी विदेशी संस्था या व्यक्ति को सौंपे थे। यह मामला अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा प्रणाली के लिए गंभीर चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है।
