पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ब्लॉक समिति और जिला परिषद चुनावों के नतीजों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इन चुनावों में पंजाब की जनता ने आम आदमी पार्टी के पक्ष में बड़े स्तर पर फैसला देकर सरकार के कामों पर मुहर लगाई है। मुख्यमंत्री ने इसे विकास की राजनीति की जीत बताया।
जीतने वाले प्रतिनिधियों को दी बधाई
सीएम मान ने चुनावों में जीत दर्ज करने वाले सभी प्रतिनिधियों को बधाई दी। साथ ही उन्होंने अपील की कि सभी निर्वाचित सदस्य पार्टीबाजी से ऊपर उठकर जनता की सेवा करें और क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरना ही सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।
जनता ने भ्रम फैलाने वालों को दिया जवाब
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय चुनावों में एक बार फिर जनता ने विरोधी दलों द्वारा फैलाए गए भ्रम को पूरी तरह खारिज कर दिया है। लोगों ने भारी बहुमत से आम आदमी पार्टी को जिताकर सरकार द्वारा किए गए कार्यों का इनाम दिया है। उन्होंने कहा कि यह समर्थन आगे और बेहतर काम करने की ताकत देगा।
गांव और जड़ों से जुड़े रहने की बात
सीएम भगवंत मान ने अपने गांव सतौज का जिक्र करते हुए कहा कि गांव के लोगों ने उन्हें हमेशा प्यार और हौसला दिया है। उन्होंने कहा कि इंसान चाहे किसी भी पद पर पहुंच जाए, उसे अपनी जड़ों से जुड़े रहना चाहिए। मुख्यमंत्री ने बताया कि वह जल्द ही अपने गांव के गुरुद्वारे में जाकर नतमस्तक होकर गांववासियों का धन्यवाद करेंगे।
विकास की राजनीति ही हमारी पहचान
मुख्यमंत्री ने साफ किया कि आम आदमी पार्टी हमेशा विकास कार्यों को आधार बनाकर चुनाव लड़ती है। पार्टी न तो धर्म के नाम पर राजनीति करती है और न ही जाति या सांप्रदायिक मुद्दों को हवा देती है। उन्होंने कहा कि इसी सोच की वजह से चुनाव परिणाम पार्टी के पक्ष में आए हैं।
भविष्य की रणनीति भी तय
सीएम मान ने कहा कि आने वाले चुनाव भी विकास कार्यों के रिपोर्ट कार्ड के आधार पर ही लड़े जाएंगे। जनता को काम दिखाई देता है और वही उसका फैसला तय करता है।
देशभर में मजबूत हो रही आम आदमी पार्टी
प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी का कुनबा अब सिर्फ पंजाब तक सीमित नहीं है। ईमानदारी और काम की राजनीति के दम पर पार्टी पूरे देश में अपनी पकड़ मजबूत कर रही है।
