फतेहगढ़ साहिब में 25 से 27 दिसंबर तक आयोजित होने वाली शहीदी सभा को लेकर प्रशासनिक तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने बचत भवन में जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ अहम बैठक की। बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
24 घंटे मिलेंगी स्वास्थ्य सुविधाएं
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि शहीदी सभा के दौरान हर साल की तरह इस बार भी संगतों के लिए 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार रहेगा। उन्होंने कहा कि मौके पर मेडिकल टीमें, एंबुलेंस और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
श्रद्धालुओं को मिलेगी मुफ्त दवाइयां
डॉ. बलबीर सिंह ने जानकारी दी कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से शहीदी सभा में आने वाली संगतों को मुफ्त दवाइयां दी जाएंगी। इसके लिए जरूरी दवाइयों का स्टॉक और पर्याप्त मेडिकल स्टाफ तैनात किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी स्वास्थ्य शिविरों में आवश्यक उपकरण और डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
ऐतिहासिक स्थल पर लाखों श्रद्धालुओं की उम्मीद
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि फतेहगढ़ साहिब वह पावन स्थान है, जहां छोटे साहिबजादों ने बहुत कम उम्र में अद्वितीय और महान बलिदान दिया। यह बलिदान दुनिया के किसी भी इतिहास में दुर्लभ है। इसी वजह से हर साल शहीदी सभा के दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु यहां नतमस्तक होने पहुंचते हैं।
प्रशासन और पुलिस के साथ तालमेल
बैठक के दौरान जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि ट्रैफिक व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध और आपात स्थितियों से निपटने के लिए आपसी तालमेल के साथ काम किया जाए। श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि रखते हुए सभी विभागों को अलर्ट रहने के लिए कहा गया है।
संगतों की सेवा को प्राथमिकता
डॉ. बलबीर सिंह ने स्पष्ट किया कि सरकार का मकसद यही है कि शहीदी सभा के दौरान आने वाली हर संगत को बेहतर सुविधाएं मिलें और किसी को भी स्वास्थ्य संबंधी परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने भरोसा दिलाया कि स्वास्थ्य विभाग पूरी निष्ठा और सेवा भावना के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएगा।
