पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने नौवें पातशाह श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित एक महत्वपूर्ण पहल की घोषणा की है। उन्होंने गुरु साहिब के चरण-स्पर्श प्राप्त 142 गांवों और शहरों के विकास के लिए 71 करोड़ रुपये की राशि के चेक वितरित किए। चंडीगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में सीएम मान ने कहा कि गुरु जी की महान शहादत और शिक्षा के मुकाबले यह प्रयास छोटा जरूर है, लेकिन पंजाब सरकार इसे अपनी श्रद्धा और जिम्मेदारी समझकर पूरा कर रही है।
गांवों और शहरों के विकास को नई दिशा
मुख्यमंत्री ने बताया कि इन ग्रांटों का उपयोग उन क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, पवित्र स्थलों के मार्गों के सुंदरीकरण, संगत के लिए सुविधाएं बढ़ाने और अन्य जरूरी विकास कार्यों में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पहल गुरु साहिब जी की विरासत को संरक्षित रखने और उनसे जुड़े स्थानों को आधुनिक सुविधाओं से लैस बनाने की दिशा में बड़ा कदम है।
मालवा, दोआबा और माझा क्षेत्रों से आए सरपंचों, काउंसलरों और जन-प्रतिनिधियों को कार्यक्रम के दौरान चेक सौंपे गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि नौवें पातशाह की शहादत मानवता की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान थी और इस ऐतिहासिक अवसर को मनाना हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है।
आनंदपुर साहिब में 23 से 25 नवंबर तक बड़े आयोजन
सीएम मान ने लोगों से अपील की कि वे 23 से 25 नवंबर तक आनंदपुर साहिब में होने वाले कार्यक्रमों में शामिल हों। उन्होंने बताया कि संगत की सुविधा के लिए एंबुलेंस, लंगर व्यवस्था, डिजिटल म्यूजियम और अन्य सुविधाएं पूरी तरह उपलब्ध रहेंगी।
उन्होंने जानकारी दी कि श्रीनगर और पंजाब के फरीदकोट, गुरदासपुर व तलवंडी साबो से नगर कीर्तन रवाना हो चुके हैं, जो विभिन्न शहरों से होकर आनंदपुर साहिब पहुंचेंगे। श्रीनगर से शुरू हुआ नगर कीर्तन 22 नवंबर को आनंदपुर साहिब में सम्पन्न होगा। इसके अलावा, 20 नवंबर को तीन और नगर कीर्तन रवाना किए गए हैं, जो 22 नवंबर को एक ही स्थान पर पहुंचकर समापन करेंगे।
लाइट एंड साउंड शो, विधानसभा सत्र और विशिष्ट आयोजन
मुख्यमंत्री ने बताया कि गुरु जी के जीवन और संदेश पर आधारित लाइट एंड साउंड शो, प्रदर्शनी, ड्रोन शो और अंतर-धर्म सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। साथ ही 24 नवंबर को आनंदपुर साहिब में पंजाब विधानसभा का विशेष सत्र होगा, जिसमें गुरु जी के बलिदान और धार्मिक स्वतंत्रता पर विचार साझा किए जाएंगे।
25 नवंबर को बड़े स्तर पर रक्तदान शिविर, पौधारोपण और ‘सरबत दा भला एकत्रता’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मान ने कहा कि दुनिया भर के आध्यात्मिक नेताओं को इन आयोजनों में हिस्सा लेने का निमंत्रण भेजा गया है।
