पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने ट्वीट के माध्यम से जानकारी दी कि राज्य में रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में सरकार लगातार कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि आज विभिन्न सरकारी विभागों में 818 होनहार युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। इन विभागों में बिजली, स्थानीय सरकार, स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा जैसे अहम विभाग शामिल हैं।
2022 से अब तक हजारों युवाओं को मिली नौकरी
मुख्यमंत्री ने बताया कि अप्रैल 2022 में सरकार बनने के बाद से अब तक 65,264 युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य युवाओं को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से रोजगार देना है, ताकि उन्हें अपने ही राज्य में बेहतर अवसर मिल सकें।
योग्यता के आधार पर मिल रहा रोजगार
भगवंत मान ने कहा कि पंजाब सरकार भर्ती प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बनाए रख रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन नौकरियों में न तो किसी सिफारिश की जरूरत है और न ही किसी प्रकार की रिश्वत। सभी युवाओं को केवल उनकी योग्यता और मेहनत के आधार पर नौकरी दी जा रही है।
‘रंगला पंजाब ’ बनाने की दिशा में प्रयास
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के हाथों में नियुक्ति पत्र सौंपना सरकार के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि सरकार तेजी से आगे बढ़ते हुए एक “रंगला पंजाब ” बनाने के लक्ष्य की ओर काम कर रही है, जहां युवाओं को रोजगार, बेहतर अवसर और उज्ज्वल भविष्य मिल सके।
