पंजाब के तरणतारण जिले में आम आदमी पार्टी को उस समय बड़ी सफलता मिली जब अकाली दल और कांग्रेस के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पार्टी छोड़ ‘आप’ का दामन थाम लिया। इस मौके पर तरणतारण अनाज मंडी पल्लेदार यूनियन के 27 साल से अध्यक्ष दलवीर सिंह काला अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ शिअद छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए।
कांग्रेस से भी कई नेता हुए ‘आप’ में शामिल
इसके साथ ही गांव मुरादपुर के कई परिवारों ने कांग्रेस पार्टी से नाता तोड़ लिया और आप परिवार का हिस्सा बन गए। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुरदीप सिंह, निशान सिंह, दविंदर सिंह और गुरजीत सिंह ने भी आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

आप नेताओं ने किया स्वागत
इन सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का स्वागत कैबिनेट मंत्री लालजीत भुल्लर, आप पंजाब के वर्किंग प्रेसिडेंट मनीषा लशेरी कालसी और वरिष्ठ नेता एस.एस. आहलूवालिया ने किया। उन्होंने कहा कि लोगों का यह विश्वास दर्शाता है कि पंजाब में ईमानदार राजनीति और जनसेवा की राह पर ‘आप’ का कारवां तेजी से आगे बढ़ रहा है।
पार्टी को मिला जनसमर्थन
स्थानीय स्तर पर हुई इस शमूलियत को तरणतारण की राजनीति में बड़ा बदलाव माना जा रहा है। आम आदमी पार्टी ने कहा कि जनता अब विकास और पारदर्शिता चाहती है, न कि पुराने दलों की वादाखिलाफी।
