पंजाब पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस विंग और #OFTEC (ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्राडिशन सेल) ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर इस मामले के मुख्य आरोपी अमृतपाल सिंह महरोन को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी को मध्य पूर्व से ट्रैक कर भारत लाया गया और 10 अप्रैल 2026 की सुबह इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर उसे हिरासत में लिया गया।
सनसनीखेज हत्या का मामला
यह मामला जून 2025 में बठिंडा में हुई सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी उर्फ “कमल भाभी” की हत्या से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार, 11 जून 2025 को आरोपी ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर पहले पीड़िता का अपहरण किया और फिर उसकी हत्या कर दी।
इसके बाद शव को आदेश अस्पताल में खड़ी एक कार में फेंक दिया गया था, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।
पहले ही पकड़े जा चुके हैं साथी
इस मामले में शामिल बाकी आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी। लेकिन मुख्य आरोपी अमृतपाल सिंह वारदात के बाद देश छोड़कर फरार हो गया था और विदेश में छिपा हुआ था।
विदेश में ट्रैक कर शुरू की गई कार्रवाई
पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर आरोपी की लोकेशन का पता लगाया। इसके बाद प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू की गई। लगातार निगरानी और समन्वय के बाद आरोपी को मध्य पूर्व से हिरासत में लेकर भारत लाया गया।
अपराध के खिलाफ सख्त संदेश
Punjab Police ने इस कार्रवाई के जरिए साफ संदेश दिया है कि संगठित अपराध और कानून से भागने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
