इंडिया और इंग्लैंड के बीच चल रही टेस्ट सीरीज़ के पांचवें और आखिरी मुकाबले से पहले टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर अहम जानकारी दी है। मैनचेस्टर टेस्ट ड्रॉ होने के बाद गंभीर ने कहा, “सभी तेज गेंदबाज फिट हैं, किसी को कोई चोट नहीं है।” इस बयान ने साफ कर दिया कि तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह 31 जुलाई से शुरू हो रहे ओवल टेस्ट में मैदान पर उतर सकते हैं।
बुमराह खेल सकते हैं चौथा टेस्ट, वर्कलोड मैनेजमेंट को किया नजरअंदाज
गौरतलब है कि सीरीज शुरू होने से पहले बुमराह ने खुद कहा था कि वह केवल तीन टेस्ट खेलेंगे। लेकिन अब हालात बदलते दिख रहे हैं। ओल्ड ट्रैफर्ड टेस्ट में उनकी गति कुछ कम नजर आई थी, जिसका कारण नरम आउटफील्ड और धीमी पिच मानी जा रही है। हालांकि, चौथे दिन लंच से पहले ही उन्हें आराम दिया गया, जिससे उनके अगले टेस्ट में खेलने की संभावना और बढ़ गई है।
ओवल टेस्ट में टीम कॉम्बिनेशन को लेकर अभी निर्णय नहीं
जब गौतम गंभीर से प्लेइंग 11 को लेकर पूछा गया तो उन्होंने कहा, “अभी तक हमने अंतिम टेस्ट के लिए टीम संयोजन को लेकर कोई बातचीत नहीं की है। यह तय नहीं हुआ है कि बुमराह खेलेंगे या नहीं। लेकिन जो भी खेलेगा, वह देश के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देगा।”
इससे यह संकेत मिलता है कि टीम चयन को लेकर अंतिम फैसला पिच की स्थिति और मौसम को देखकर लिया जाएगा।
कुलदीप यादव को मिल सकता है मौका, शार्दुल-कंबोज हो सकते हैं बाहर
मैनचेस्टर टेस्ट में शार्दुल ठाकुर को शामिल किया गया था, लेकिन उन्होंने केवल 11 ओवर फेंके और बल्ले से 41 रन ही बनाए। दूसरी ओर, डेब्यू कर रहे अंशुल कंबोज भी खास प्रभाव नहीं छोड़ सके। ऐसे में आखिरी टेस्ट में स्पिनर कुलदीप यादव को मौका दिया जा सकता है। वहीं अर्शदीप सिंह की एंट्री भी संभावित मानी जा रही है।
भारत के लिए जरूरी है जीत, सीरीज बराबरी पर लाने का मौका
भारत को यह मुकाबला जीतना बेहद जरूरी है ताकि सीरीज 2-2 की बराबरी पर खत्म हो सके। ऐसे में टीम मैनेजमेंट को प्लेइंग 11 में संतुलन बनाकर उतरना होगा ताकि गेंदबाज़ी और बल्लेबाज़ी दोनों मजबूत हो सकें। ओवल की पिच आमतौर पर स्पिनरों की मददगार मानी जाती है, जो कुलदीप के चयन को और मजबूत करता है।
