जालंधर के सरकारी अस्पताल में मरीजों की मौत के मामले ने हड़कंप मचा दिया है। इस गंभीर घटना के बाद पंजाब के सेहत मंत्री डॉ. बलबीर सिंह खुद देर रात अस्पताल पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
सेहत मंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि इस मामले में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जानकारी दी कि मामले की गहन जांच के लिए एक टेक्निकल कमेटी का गठन किया गया है, जो जल्द ही अपनी रिपोर्ट पेश करेगी।
डॉ. बलबीर सिंह ने कहा, “अगर किसी भी कर्मचारी या अधिकारी की लापरवाही या गलती सामने आती है, तो उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। मरीजों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
मंत्री ने अस्पताल के सभी विभागों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों की सुरक्षा और इलाज में कोई कोताही न हो। उन्होंने मृतकों के परिवारों से संवेदना भी जताई और भरोसा दिलाया कि सच्चाई सामने लाकर न्याय दिलाया जाएगा।
इस घटना ने अस्पताल प्रबंधन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं सरकार की ओर से त्वरित कार्रवाई और जांच की घोषणा से लोगों को उम्मीद है कि दोषियों को जल्द सजा मिलेगी और भविष्य में ऐसी घटनाएं दोहराई नहीं जाएंगी।
फिलहाल टेक्निकल टीम की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
